RANCHI: रिम्स निदेशक के बेटे की ट्यूटर पद पर नियुक्ति को लेकर उठे विवाद की जांच अब तक शुरू नहीं हो सकी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच के आदेश दिए जाने के बावजूद अब तक न तो जांच समिति का गठन हुआ है और न ही आधिकारिक तौर पर जांच प्रक्रिया शुरू हो पाई है। बता दें कि रिम्स निदेशक डॉ राजकुमार के बेटे ऋषभ कुमार की नियुक्ति पर सवाल उठने के बाद राज्य सरकार ने मामले की जांच का निर्देश दिया था। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा था कि रांची के उपायुक्त इस मामले की जांच करेंगे, लेकिन अब तक उपायुक्त स्तर से कोई औपचारिक आदेश जारी नहीं हुआ है।
विवाद बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रमंडलीय आयुक्त को जांच कराने का निर्देश दिया था। हालांकि, आयुक्त स्तर से अब तक उपायुक्त को जांच टीम गठित करने का आदेश जारी नहीं हो सका है। इसी कारण पूरी प्रक्रिया लंबित है और जांच शुरू नहीं हो पाई है। गौरतलब है कि ऋषभ कुमार की नियुक्ति रिम्स में हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन में ट्यूटर के पद पर की गई है, जो राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत पद नहीं है। वहीं रिम्स को नए पद सृजित करने का अधिकार नहीं है। रिम्स रेगुलेशन 2014 के अनुसार गैर-चिकित्सकों के लिए ट्यूटर एसआर पद केवल एनाटोमी, बायो फिजिक्स और फार्मोकोलॉजी जैसे विषयों में ही निर्धारित है। इसके बावजूद नियमों के विपरीत यह नियुक्ति की गई, जिससे पूरे मामले पर सवाल खड़े हो गए हैं।
READ ALSO: Chaibasa News: अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी की पीट-पीटकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

