RANCHI: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से गुरुवार को लोक भवन में झारखंड बधिर क्रिकेट संघ के खिलाड़ियों के एक शिष्टमंडल ने मुलाकात की। यह प्रतिनिधिमंडल संघ के अध्यक्ष दीपक यादव के नेतृत्व में राज्यपाल से मिला। खिलाड़ियों ने राज्यपाल को बताया कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद टीम ने लगातार बेहतर प्रदर्शन किया और ‘तृतीय टी-20 नेपाल डीफ क्रिकेट टूर सीरीज ऑफ इंडिया 2026’ में शानदार खेल दिखाते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
राज्यपाल ने खिलाड़ियों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, समर्पण और टीम भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से साबित किया है कि चुनौतियां सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बन सकतीं। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और दिव्यांग खिलाड़ियों की सफलता समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। राज्यपाल ने झारखंड बधिर क्रिकेट संघ को हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन देने का आश्वासन दिया।

