
घाटशिला : मऊभंडार व घाटशिला सीमा क्षेत्र स्थित दाहीगोड़ा सर्कस मैदान में रावण दहन कमेटी की ओर से आगामी 23 अक्टूबर को भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। गुरुवार को स्थानीय एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कमेटी के अध्यक्ष सौरभ बोस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोरोना काल के लंबे अंतराल के बाद पहली बार इतने भव्य पैमाने पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन उपस्थित रहेंगे।
बंगाल के कारीगर तैयार कर रहे 30 फीट का रावण
अध्यक्ष सौरभ बोस ने बताया कि आयोजन को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए पश्चिम बंगाल से आए कुशल कारीगर 30 फीट ऊंची विशाल रावण प्रतिमा तैयार कर रहे हैं। दहन के दौरान करीब दो घंटे तक मनमोहक आतिशबाजी होगी। इसके साथ ही पहली बार लाइट एंड साउंड शो का भी विशेष प्रदर्शन किया जाएगा, जो दर्शकों के बीच मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा।
10 बुराइयों का त्याग और 10 संकल्पों की नई शुरुआत
इस वर्ष आयोजन को एक सशक्त सामाजिक संदेश से जोड़ा गया है। रावण दहन से पूर्व मैदान में 10 सेकंड का सामूहिक मौन रखा जाएगा। कार्यक्रम में शामिल सभी नागरिकों को पर्चियां वितरित की जाएंगी, जिस पर वे अपनी किसी एक आंतरिक बुराई को लिखेंगे। इन पर्चियों को रावण के पुतले के साथ ही जलाया जाएगा, ताकि लोग बुराइयों का त्याग कर 10 सकारात्मक संकल्पों के साथ जीवन की नई शुरुआत कर सकें।
सुरक्षा, मेडिकल व खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था
आयोजन में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मैदान में पर्याप्त पुलिस बल और मेडिकल टीम तैनात रहेगी। भीड़ में किसी व्यक्ति अथवा सामान के खोने की स्थिति से निपटने के लिए एक विशेष खोया-पाया केंद्र भी स्थापित किया जाएगा।
तैयारियों में जुटी कमेटी
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उपाध्यक्ष ललितकांत बारिक व जितेन पूर्ति, कोषाध्यक्ष विमल बारिक, रोहित बारिक, गणेश हेम्ब्रम, संदीप भगत, निर्मल हेम्ब्रम, तन्मय डे, सूरज चौधरी, पुलक बारिक और सुमन बारिक समेत कमेटी के सभी सदस्य दिन-रात जुटे हुए हैं। कमेटी ने क्षेत्र की जनता से सपरिवार पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

