
Jamshedpur : कदमा थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा पंडाल के पास एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 21 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि करीब दो बजे ईसीसी फ्लैट स्थित दुर्गा पूजा पंडाल के पास की बताई जा रही है। हमले में रामजनम नगर निवासी राकेश कुमार वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है, जहां सीसीयू-2 में उनका उपचार चल रहा है।
इस मामले में घायल की पत्नी पूजा देवी ने कदमा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, राकेश कुमार वर्मा दुर्गा पूजा मेला घूमने के बाद पंडाल के पास बैठे हुए थे। इसी दौरान सात से आठ लोग वहां पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगे। आरोप है कि शुभम मिश्रा और अमित दुबे ने राकेश को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद शुभम ने उन पर चापड़ से हमला कर दिया, जबकि अमित ने बंदूक के बट से वार किया।
पूजा देवी ने अपनी शिकायत में विजय कलुआ, अमन रजक, कुणाल चप्पल और अविनाश उपाध्याय पर भी बांस और बेल्ट से उनके पति की पिटाई करने का आरोप लगाया है। हमले में राकेश के सिर, पेट समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
मृत समझकर छोड़ने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, हमलावर राकेश को मृत समझकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घायल को टीएमएच पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने पर पूजा देवी अस्पताल पहुंचीं। बाद में उन्होंने कदमा थाना जाकर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

