- कल्याणकारी योजनाओं को हर जरूरतमंद तक पहुंचाने में बैंकों की भूमिका अहम : मुख्यमंत्री
- दुर्घटना में मृत कर्मी के आश्रित को सीएम ने सौंपा 50 लाख का चेक
Ranchi (Jharkhand) : राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) की उपस्थिति में मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में राज्य सरकार और बैंक ऑफ इंडिया (Bank OF India-BOI) के बीच राज्य कर्मचारियों के वेतन एवं पेंशन खाता पैकेज को लेकर महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए। इस एमओयू से राज्य सरकार के कर्मचारियों, पेंशनभोगियों तथा अनुबंधित कर्मियों को एक करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा (हवाई दुर्घटना में मृत्यु पर दो करोड़ रुपये तक) सहित कई बैंकिंग सुविधाएं बिना अतिरिक्त शुल्क के मिलेंगी। मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

यह एमओयू कर्मचारियों के हित में निर्णायक पहल : हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक संवेदनशील सरकार होने के नाते हम राज्य की सेवा करने वाले कर्मियों के कल्याण के लिए लगातार ठोस कदम उठा रहे हैं। आज का यह एमओयू कर्मियों के लिए वेतन, पेंशन और स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ-साथ दुर्घटना जैसी अप्रत्याशित स्थितियों में वित्तीय सहायता की दिशा में निर्णायक पहल है।
मुख्यमंत्री ने दोहराई सरकार की प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं को हर जरूरतमंद तक पहुंचाने में बैंकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। राज्य के सर्वांगीण एवं समावेशी विकास में बैंकों का योगदान अहम है और आने वाले दिनों में यह और बढ़ेगा। उन्होंने बैंकों से अपील की कि वे विकास में सरकार के सहयोगी के रूप में अपनी भूमिका सक्रियता से निभाएं।
JBVNL के मृत कर्मी की पत्नी को 50 लाख सहायता राशि
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने झारखंड बिजली वितरण निगम (JBVNL) के दुर्घटना में मृत कर्मी प्रमोद लकड़ा की पत्नी मंजू लकड़ा को गवर्नमेंट सैलरी पैकेज के तहत 50 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा। एमओयू पर राज्य सरकार की ओर से वित्त विभाग के विशेष सचिव संदीप सिंह तथा बैंक ऑफ इंडिया की ओर से रांची अंचल के उप महाप्रबंधक संजीव कुमार ने हस्ताक्षर किए।
वित्त मंत्री एवं ये थे उपस्थित
इस अवसर पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, वित्त सचिव प्रशांत कुमार, बैंक ऑफ इंडिया के कार्यकारी निदेशक सुब्रत कुमार तथा जीएम गुरु प्रसाद गौड़ सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

