
Jamshedpur (Jharkhand) : झारखंड विधानसभा में जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए सवालों के अनुपालन को लेकर जिला प्रशासन की जवाबदेही तय करने की कवायद तेज हो गई है। मंगलवार को झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति के सभापति सह विधायक सुरेश पासवान की अध्यक्षता में जमशेदपुर परिसदन में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में विधानसभा में सदस्यों की ओर से उठाए गए प्रश्नों के क्रियान्वयन और उन पर अब तक हुई कार्रवाई की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों में लंबित मामलों, उनके निष्पादन की स्थिति और अनुपालन प्रतिवेदन की जानकारी ली गई।
सभापति सुरेश पासवान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विधानसभा में उठाए गए सवालों को महज औपचारिकता न समझें। इन प्रश्नों के पीछे जनता की समस्याएं और उनकी अपेक्षाएं जुड़ी होती हैं। इसलिए संबंधित मामलों में गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उनका निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में उठने वाले प्रश्न जनता की आवाज को सदन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करें।
सभापति ने लंबित मामलों की नियमित निगरानी करने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और अनुपालन प्रतिवेदन में कार्रवाई की वास्तविक एवं अद्यतन स्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा में दिए गए आश्वासनों और निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन होना चाहिए तथा जनहित के मामलों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने समिति के समक्ष अपने-अपने विभाग से संबंधित प्रश्नों के अनुपालन की जानकारी प्रस्तुत की। विभागवार समीक्षा के बाद समिति ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। Read also – Potka News : हल्दीपोखर और सिदिरसाई में बादामपहाड़-पुरी ट्रेन के ठहराव की मांग तेज, विधायक ने दी आंदोलन की चेतावनी

