Ranchi : झारखंड की प्रतिभाशाली ताइक्वांडो खिलाड़ी अनुष्का कुमारी ने 69वीं राष्ट्रीय स्कूली ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। उन्होंने यह सफलता अंडर-14 बालिका वर्ग के 38 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में हासिल कर राज्य का नाम रोशन किया। झारखंड की टीम स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के तहत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के नेतृत्व में इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल हुई थी। प्रतियोगिता का आयोजन 6 जनवरी से 11 जनवरी तक पंजाब के लुधियाना स्थित जीएसएसएसएस हॉल में किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान अनुष्का कुमारी ने अपने पहले मुकाबले में तमिलनाडु की खिलाड़ी को 2-0 से हराकर विजयी शुरुआत की। इसके बाद दूसरे दौर में उन्होंने उत्तराखंड की खिलाड़ी को भी 2-0 से पराजित किया। क्वार्टर फाइनल में अनुष्का ने दिल्ली की खिलाड़ी को 2-0 से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और झारखंड के लिए पदक सुनिश्चित किया। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला सीबीएसई की खिलाड़ी से हुआ, जहां कड़े संघर्ष के बाद वे 1-2 से हार गईं और कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
इस उपलब्धि पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने खुशी जताते हुए कहा कि अनुष्का की सफलता झारखंड की बालिकाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और मजबूत संकल्प से राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय टीम के कोच रमेश गिरी, मैनेजर क्वीन ठाकुर और एचओडीएम मोदस्सर के मार्गदर्शन को भी दिया।
अनुष्का कुमारी की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग सहित झारखंड राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

