Ramgarh : नए साल की शुरुआत के साथ ही झारखंड के रामगढ़ जिले में अपराधियों ने दहशत फैलाने की कोशिश की है। कुज्जू ओपी क्षेत्र के नया मोड़ पर सोमवार देर रात कोयला और बालू व्यवसायी डब्बू सिंह उर्फ सागर सिंह के घर पर ताबड़तोड़ गोलीबारी हुई है। इस वारदात को कुख्यात राहुल दुबे गैंग से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसने कथित तौर पर रंगदारी नहीं मिलने पर घटना को अंजाम दिया।
बताते हैं कि बाइक पर सवार दो अपराधी रात के अंधेरे में व्यवसायी के घर पहुंचे और घर में घुसते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। करीब 10 राउंड गोलियां चलाई गईं। गोलियों के निशान घर की खिड़कियों, मुख्य गेट और खड़ी गाड़ी पर साफ दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया।सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर रजत कुमार और कुज्जू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
घटनास्थल से कई खोखे और एक लेवी पर्चा बरामद किया गया है। पुलिस इस मामले को सीधे तौर पर रंगदारी से जुड़ा मान रही है। राहत की बात यह रही कि इतनी गोलीबारी के बावजूद किसी की जान नहीं गई।पीड़ित व्यवसायी डब्बू सिंह ने बताया कि हाल ही में रामगढ़ जिले में बालू घाट का टेंडर हुआ था, जिसे उन्होंने लिया है।
इसके बाद से ही राहुल दुबे गैंग के नाम पर लगातार धमकी भरे फोन आ रहे थे। कई बार बाहर रहने के कारण उन्होंने फोन उठाना बंद कर दिया था। सोमवार को जब वह कुज्जू स्थित अपने घर में रिश्तेदारों के साथ मौजूद थे, तभी अपराधियों ने हमला कर दिया।फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और व्यवसायियों में भय का माहौल बना हुआ है।

