रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के पुलिस अधिकारियों को आगामी पर्व-त्योहारों जैसे होली, सरहुल, ईद, और रामनवमी के दौरान विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इन त्योहारों का उत्सव शांति और आपसी प्रेम के माहौल में मनाया जाना चाहिए। बुधवार को झारखंड मंत्रालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि राज्य के किसी भी क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव या विवाद उत्पन्न न हो, और इसके लिए पुलिस को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने दिए ये निर्देश
- निरोधात्मक कार्रवाई : होली, ईद, रामनवमी और सरहुल जैसे आगामी पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
- बलों की तैनाती : दंडाधिकारी और बलों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए उन्हें उचित स्थानों पर प्रतिनियुक्त किया जाए।
- धार्मिक स्थलों की सुरक्षा : धार्मिक स्थलों के आस-पास सुरक्षा उपायों को बढ़ाया जाए, जैसे सीसीटीवी कैमरा लगाना और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस व्यवस्था की जाए।
- जुलूस मार्गों का सत्यापन : जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
- सुरक्षा उपायों की तैनाती : संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती, ड्रोन द्वारा विडियोग्राफी और एरियल सर्विलांस की व्यवस्था की जाए।
- सुरक्षा बलों की तैनाती : जुलूस के साथ सुरक्षा बलों की तैनाती और क्यूआरटी (QRTS) की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- प्रकाश और लाउड स्पीकर : जुलूस मार्गों में लगातार प्रकाश की व्यवस्था और उत्तेजक गानों पर रोक लगाने के लिए साउंड सिस्टम की निगरानी की जाए।
- आपातकालीन योजना : जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त नियंत्रण कक्ष और आपातकालीन योजना सुनिश्चित की जाए।
- शांति समिति की बैठक : जिलों में शांति समिति की नियमित बैठक की व्यवस्था की जाए।
- दंगा रोधी सुरक्षा : दंगा रोधी सुरक्षा उपकरणों, दंगा रोधी वाहनों और एंटी रॉयट कन्ट्रोल ड्रील की व्यवस्था की जाए।
- अवैध मादक पदार्थों पर छापेमारी : अवैध मादक पदार्थों और शराब के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
- डीजे और भड़काऊ गानों पर रोक : डीजे और अन्य साउंड सिस्टम के माध्यम से भड़काऊ गानों पर सख्त रोक लगाई जाए।
- सुरक्षा बलों के लिए व्यवस्था : सुरक्षा बलों के लिए भोजन, आवास, और पानी की उचित व्यवस्था की जाए।
- आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था : पर्व-त्योहारों के दौरान आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में शामिल अधिकारी
बैठक में मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव अलका तिवारी, अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, प्रधान सचिव गृह विभाग वंदना दादेल, डीजीपी अनुराग गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक विशेष शाखा प्रभात कुमार, पुलिस महानिरीक्षक अभियान एवी होमकर, पुलिस महानिरीक्षक अपराध अनुसंधान विभाग असीम विक्रांत मिंज और अन्य वरीय पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

