Home » Khunti Bandh Today Updates : पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या के खिलाफ खूंटी जिला बंद, सड़कों पर उतरे हजारों ग्रामीण, टायर जलाकर विरोध-प्रदर्शन

Khunti Bandh Today Updates : पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या के खिलाफ खूंटी जिला बंद, सड़कों पर उतरे हजारों ग्रामीण, टायर जलाकर विरोध-प्रदर्शन

by Anand Mishra
Khunti Bandh Today Updates
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
  • बाजार, स्कूल और यातायात पूरी तरह ठप, न्याय की मांग पर अड़े बंद समर्थक

खूंटी : अखिल भारतीय झारखंड पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और एदेल सांगा के पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या के विरोध में गुरुवार को ‘खूंटी बंद’ का व्यापक और ऐतिहासिक असर देखने को मिल रहा है। सुबह होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता और बंद समर्थक सड़कों पर उतर आए। जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर प्रदर्शनकारियों ने कब्जा कर लिया, जिससे खूंटी का सामान्य जनजीवन पूरी तरह पटरी से उतर गया है।

ठप रहा जिले का कारोबार और शिक्षा

बंद के आह्वान का असर खूंटी के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में समान रूप से देखा जा रहा है। इसकी वजह से स्कूल-कॉलेज में भी अफरातफरी का माहौल बन गया है। दुकानें भी बंद हो गई हैं।
शहर के मुख्य बाजारों से लेकर गली-मुहल्लों की दुकानें तक पूरी तरह बंद रहीं। व्यापारिक संगठनों ने भी स्वतः स्फूर्त समर्थन देकर अपनी एकजुटता दिखाई। एहतियातन जिले के निजी और सरकारी स्कूलों को बंद रखा गया है, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

यातायात बाधित

लंबी दूरी की बसें और निजी वाहनों की आवाजाही ठप होने से स्टैंड और चौक-चौराहों पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

टायर जलाकर जताया विरोध, न्याय की मांग

आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने खूंटी-तमाड़ और खूंटी-सिमडेगा मुख्य मार्ग सहित कई प्रमुख रास्तों पर टायर जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। जगह-जगह सड़क पर बैठकर धरना दिया जा रहा है, जिससे वाहनों के पहिए थम गए हैं। प्रदर्शनकारियों के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। उनकी मांग निम्न है :

  • सोमा मुंडा के हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
  • इस साजिश के पीछे छिपे चेहरों को बेनकाब किया जाए।
  • पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय और सुरक्षा प्रदान की जाए।

प्रशासन अलर्ट, पुलिस बल की भारी तैनाती

खूंटी जिले में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। संवेदनशील इलाकों और प्रमुख मोड़ों पर भारी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों के संपर्क में हैं और उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं कि कानून-व्यवस्था को हाथ में न लें। हालांकि, ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, उनका लोकतांत्रिक आंदोलन जारी रहेगा।

Read Also- West Singhbhum Elephant Attack : पश्चिमी सिंहभूम में हाथी के आक्रमण को लेकर उच्चस्तरीय निगरानी, ड्रोन से रखी जा रही नजर : सचिव

Related Articles