खूंटी। इसे पुलिस की कामयाबी कहें या लापरवाही- दुष्कर्म का आरोपी 17 वर्षों तक फरार रहा। विशेष समकालीन अभियान के तहत मुरहू थाना पुलिस ने अब उसे गिरफ्तार कर लिया है। वर्ष 2009 में दुष्कर्म मामले आरोपी बिरसा मुंडा फरार चल रहा था।
उसकी गिरफ्तारी के बाद मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी। बताया गया है कि मुरहू थाना कांड संख्या- 60/2009, एसटी-857/2009 और जीआर-272/2009 से संबंधित मामले में आरोपित बिरसा मुंडा के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज था। वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
21 अप्रैल को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक ने किया।
छापेमारी दल में अंचल निरीक्षक फ्रांसिस जेवियर बारा, थाना प्रभारी नायल गोडविन केरकेट्टा, अवर निरीक्षक कुलदीप रोशन बारी, सहायक अवर निरीक्षक जॉन पॉल तोप्पो सहित मुरहू थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
खूंटी में रेल पटरी से अज्ञात युवक का शव बरामद
खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्रा-गोविंदपुर रेल मार्ग से मंगलवार को पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया। युवक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, युवक की मौत संभवतः ट्रेन से कटकर हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
महिला ने की खुदकुशी,जांच में जुटी पुलिस
खूंटी थाना क्षेत्र के खूंटी टोली में मंगलवार सुबह निशा देवी नामक 35 वर्षीया महिला ने फंदे से लटकर खुदकुशी कर ली। निशा देवी खूंटी टोली में महादेव महतो के घर में रह रही थी। वह मूल रूप से सिमडेगा जिले के ठेठई टांगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोनपाल गांव की निवासी थी।
घटना की सूचना पुलिस को मंगलवार सुबह करीब आठ बजे मिली। सूचना मिलते ही खूंटी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल खुदकुशी के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

