
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा में जल, जंगल और जमीन की लड़ाई के प्रणेता शहीद देवेंद्र माझी की 32वीं पुण्यतिथि 14 अक्टूबर बुधवार को मनाई जाएगी। हर साल की तरह इस बार भी गोइलकेरा हाट मैदान में शहादत दिवस का आयोजन होगा, जहां उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए कोल्हान के मंत्री, विधायक सहित सैकड़ों समर्थक और ग्रामीण जुटेंगे।
इस वर्ष आयोजन को लेकर एक अहम निर्णय लिया गया है। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन को देखते हुए पुण्यतिथि कार्यक्रम सादगी से मनाया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि इस बार मंचीय सभा का आयोजन नहीं होगा। केवल पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार पूजा-अर्चना की जाएगी और शहीद की प्रतिमा व समाधि स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे।
आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर दिए दिशा-निर्देश
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को सांसद जोबा माझी गोइलकेरा पहुंचीं। उन्होंने आयोजन स्थल हाट मैदान का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने झामुमो प्रखंड अध्यक्ष गणेश बोदरा, जिला उपाध्यक्ष अकबर खान, हरीश बोदरा और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अनुशासन और शांतिपूर्ण तरीके से शहीद को दें श्रद्धांजलि
सांसद जोबा माझी ने कहा कि शहीद देवेंद्र माझी ने जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका संघर्ष आज भी लोगों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि वे अनुशासन और शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम में शामिल होकर शहीद को श्रद्धांजलि दें।
गोइलकेरा हाट मैदान में समर्थकों का होगा जुटान
बताया गया कि 14 अक्टूबर को सुबह से ही गोइलकेरा हाट मैदान में समर्थकों का जुटना शुरू हो जाएगा। पारंपरिक पूजा के बाद श्रद्धांजलि सभा होगी। सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन को सूचना दे दी गई है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

