RANCHI: रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम और डोडा तस्करी के संगठित गिरोह का खुलासा किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर 30 मार्च की रात ग्राम बुदरी में छापेमारी की गई। इस दौरान मनीष तिर्की के घर और परिसर से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया। ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि पुलिस ने घर से 31 बोरा और एक महिंद्रा बोलेरो वाहन से 4 बोरा डोडा जब्त किया, जिसका कुल वजन 566.5 किलोग्राम है। साथ ही घर के अंदर से 700 ग्राम अफीम, डिजिटल तराजू, 2,28,000 रुपये कैश, बैंक पासबुक और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। जब्त डोडा की अनुमानित कीमत करीब 84.97 लाख रुपये और अफीम की कीमत 3.5 लाख रुपये आंकी गई है।
सिंडिकेट के माध्यम से कर रहा था कारोबार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष तिर्की के रूप में हुई है, जो बुदरी गांव का निवासी है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह अधिक मुनाफा कमाने के लिए एक संगठित सिंडिकेट के माध्यम से रांची, खूंटी और हजारीबाग जिलों में मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था। गिरोह कैश के साथ डिजिटल भुगतान का भी इस्तेमाल करता था। इस मामले में नामकुम थाना में एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
READ ALSO: RANCHI NEWS: हजारीबाग दुष्कर्म कांड के विरोध में 3 अप्रैल को बीजेपी ने किया झारखंड बंद का ऐलान

