RANCHI: झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में आरोपी शराब कारोबारी नवीन केडिया को एसीबी की विशेष अदालत से बड़ा झटका लगा है। अदालत ने इंग्लैंड जाने की अनुमति से जुड़ी उनकी याचिका खारिज कर दी। नवीन केडिया ने अपने बेटे के ग्रेजुएशन समारोह में शामिल होने सहित निजी कारणों का हवाला देते हुए 1 जून से 23 जुलाई तक विदेश यात्रा की अनुमति मांगी थी।
जानकारी के अनुसार नवीन केडिया फिलहाल झारखंड हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर हैं। एसीबी ने उन्हें 11 मार्च को गिरफ्तार किया था और बाद में पांच दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ भी की थी। केडिया पर झारखंड में निम्न गुणवत्ता वाली देसी शराब की आपूर्ति करने का आरोप है। यह मामला राज्य के चर्चित शराब घोटाले से जुड़ा हुआ है, जिसकी जांच भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) लगातार कर रही है। बताया जाता है कि एसीबी ने पहले समन जारी कर उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वे एजेंसी के समक्ष उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद कोर्ट से वारंट जारी किया गया और गोवा से उन्हें गिरफ्तार किया गया था।
हालांकि, ट्रांजिट बेल मिलने के बाद भी वे निर्धारित समय पर एसीबी के सामने पेश नहीं हुए थे। गौरतलब है कि झारखंड शराब घोटाला मामले में एसीबी की कार्रवाई लगातार जारी है। इस मामले में निलंबित आईएएस अधिकारी विनय चौबे समेत दो दर्जन से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि कई को डिफॉल्ट बेल भी मिल चुकी है।

