Jamshedpur : जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र में मुर्दा मैदान के पास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या की प्लानिंग कर रहे चार बदमाशों को हथियार के साथ अरेस्ट किया है। इन सभी को बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस के बाद एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। यहां इनकी मेडिकल जांच कराई गई। इसके बाद इन सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बुधवार को बताया कि मंगलवार की रात करीब साढ़े 12 एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि उलीडीह ओपी क्षेत्र के मुर्दा मैदान में चार-पांच संदिग्ध युवक किसी के कत्ल की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर डीएसपी पटमदा के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल रात करीब 12.40 बजे मोदी चौक आया और वाहनों की जांच करते हुए घेराबंदी करते हुए मुर्दा मैदान पहुंच गया। यहां झाड़ियों के पास चार युवक बैठे मिले, जो पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे। लेकिन पुलिस बल ने पीछा कर सभी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान मोनी मोहंती के कमर से एक देशी पिस्तौल बरामद हुई। इसकी मैगजीन में 7.65 एमएम की दो जिंदा गोलियां थीं। इसके अलावा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पूछताछ में मोनी मोहंती उर्फ चितरंजन मोहंती ने बताया कि आदर्शनगर निवासी शिवम मिश्रा ने उसके भांजी के साथ छेड़छाड़ की थी। इसी का बदला लेने के लिए उसने अपने गिरोह के सदस्यों विकास मंडल, अंकित सिंह उर्फ बंगाली और प्रिंस शर्मा उर्फ बाबु उर्फ शूटर के साथ शिवम मिश्रा की हत्या की योजना बनाई थी। आरोपियों ने कई दिनों तक रेकी की और 21 दिसंबर को शिवम मिश्रा के घर भी गए थे, लेकिन उसके घर में नहीं मिलने पर उसके दादा को पिस्तौल दिखाकर धमकाया गया था। 24 दिसंबर को दोबारा हत्या की योजना बनाई जा रही थी, तभी पुलिस ने सभी को धर दबोचा।
इस मामले में उलीडीह ओपी आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में मोनी मोहंती उर्फ चितरंजन मोहंती, विकास मंडल, अंकित सिंह उर्फ बंगाली सिंह और प्रिंस कुमार शर्मा उर्फ बाबु उर्फ शूटर शामिल हैं। मोनी मोहंती का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

