
पलामू : पलामू जिला के हरिहरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डेमा पउरा गांव स्थित बेलघटी के पास बटाने नदी में शनिवार को नहाने के दौरान डूबे युवकों में से एक का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान बिहार के बोधगया थाना क्षेत्र के खरौना गांव निवासी सुरेंद्र गुप्ता के पुत्र रितिक कुमार (23) के रूप में हुई है। रितिक औरंगाबाद में रहकर व्यवसाय करता था। वहीं, हादसे में लापता राजू चंद्रवंशी की तलाश अब भी जारी है।
जानकारी के अनुसार, औरंगाबाद से युवकों का एक समूह शनिवार को पिकनिक मनाने के लिए बटाने नदी पहुंचा था। इसी दौरान कुछ युवक नदी में स्नान करने लगे। नहाने के क्रम में तीन युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को नदी से बाहर निकाल लिया। उसकी हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद नदी में डूबे दो युवकों की तलाश शुरू की गई। रविवार सुबह खोजबीन के दौरान रितिक कुमार का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
इधर, नदी में लापता राजू चंद्रवंशी की तलाश में स्थानीय लोगों के साथ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उसकी तलाश में नदी के आसपास के इलाकों में भी खोजबीन की जा रही है।

