Home » Palamu News : पलामू में लापता मासूम का कुएं से मिला शव, हत्या की आशंका, सनसनी

Palamu News : पलामू में लापता मासूम का कुएं से मिला शव, हत्या की आशंका, सनसनी

by Mujtaba Haider Rizvi
palamu news
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Palamu News: पलामू जिले के पंडवा थाना क्षेत्र में तीन दिनों से लापता दो वर्षीय मासूम का शव रविवार सुबह घर के पीछे स्थित कुएं से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने बच्चे की हत्या कर शव कुएं में फेंकने की आशंका जताई है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

मृत बच्चे की पहचान पंडवा निवासी प्रमोद कुमार मेहता के इकलौते पुत्र अंकुश राज (2 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अंकुश 1 जनवरी की दोपहर अन्य बच्चों के साथ खेलते समय अचानक लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो पंडवा थाना में लिखित सूचना दी गई।

रविवार सुबह गांव की एक महिला ने घर के पीछे स्थित कुएं में झांक कर देखा तो बच्चे का शव पानी में तैरता नजर आया। सूचना मिलते ही पंडवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से निकालकर एमएमसीएच में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि जिस कुएं से शव मिला है, वहां बच्चे का अपने आप पहुंचना संभव नहीं है। लोगों ने दबी जुबान में आशंका जताई कि पहले बच्चे को गायब किया गया और फिर हत्या कर शनिवार रात शव कुएं में फेंक दिया गया।

पंडवा थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि बच्चे की मौत कुएं में गिरने से हुई है या किसी अन्य कारण से, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। कुएं के पानी का नमूना जांच के लिए लिया गया है और मामले में डायटम टेस्ट भी कराया जाएगा।

घटना स्थल पर एसआई चिंटू कुमार, शिव गोविंद मेहता, बसपा नेता राजन मेहता, उप मुखिया सुरजीत कुमार मेहता उर्फ टिंकू सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस हर बिंदु पर मामले की जांच कर रही है।

Read Also- Ghatshila Road Accident : घाटशिला में खड़े ट्रैक्टर की ट्राली से टकराया मोटरसाइकिल सवार, मौत

Related Articles