पलामू : अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खेल रहे एक छोटे बच्चे को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना जिले के बेनी कला पंचायत के बिशुनपुर गांव में बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे की है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक पसरा है।
बिशुनपुर गांव निवासी रंजीत पासवान का तीन साल का बेटा रामल्ला कुमार अपने घर के बाहर खेल रहा था। तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर तेजी से भागने लगा।
थोड़ी दूर जाकर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया
इस क्रम में थोड़ी दूर जाकर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। फिर चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है । सूचना मिलने पर हुसैनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग की है। थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read Also: http://Punjab Road Accident : फतेहगढ़ साहिब से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस पलटी, 7 की मौत, 21 घायल

