घाटशिला : वित्त रहित शिक्षा संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर मंगलवार को घाटशिला अनुमंडल के विभिन्न वित्त रहित उच्च विद्यालयों एवं इंटर कॉलेजों में प्रस्तावित स्थापना अनुमति एवं प्रस्वीकृति शर्त एवं बंधेज नियमावली-2026 के ड्राफ्ट की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। मुसाबनी के जीसीजेडी हाई स्कूल, मुसाबनी माइंस इंटर कॉलेज सहित घाटशिला, चाकुलिया, बहरागोड़ा एवं अन्य क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों में शिक्षक एवं कर्मचारियों ने नियमावली को वित्त रहित संस्थानों के लिए काला कानून बताते हुए विरोध दर्ज कराया।
मोर्चा से जुड़े शिक्षकों ने कहा कि नियमावली में भूमि, सुरक्षा कोष, पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला से संबंधित कई अव्यावहारिक शर्तें जोड़ी गई हैं, जिन्हें अधिकांश वित्त रहित संस्थान पूरा नहीं कर सकते। उनका कहना था कि सरकारी विद्यालयों के लिए एक एकड़ भूमि और वित्त रहित संस्थानों के लिए दो एकड़ भूमि की अनिवार्यता न्यायसंगत नहीं है। इसके अलावा सुरक्षा कोष की राशि में कई गुना वृद्धि तथा 1000 वर्ग फीट क्षेत्रफल वाली चार प्रयोगशालाओं और बड़े पुस्तकालय की शर्तें भी व्यवहारिक नहीं हैं।
मोर्चा के नेताओं ने आरोप लगाया कि नई नियमावली वित्त रहित शिक्षण संस्थानों को बंद करने की साजिश है। उन्होंने बताया कि राज्य के 1250 से अधिक वित्त रहित संस्थानों में ड्राफ्ट की प्रतियां जलाकर विरोध दर्ज कराया गया है। नेताओं ने स्पष्ट किया कि नियमावली में आवश्यक संशोधन होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

