Palamu : झारखंड के पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में चार दिनों से लापता युवक का शव घने जंगल से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पीढ़े गांव निवासी नान्हू सिंह के रूप में हुई है। शव क्षत-विक्षत हालत में मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
गौरतलब है कि नान्हू सिंह 14 मई को शादी समारोह में शामिल होने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजन और ग्रामीण लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे।
मंगलवार को ग्रामीण रामगढ़ थाना क्षेत्र के सेमर मरवा जंगल में युवक की तलाश के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान जंगल में एक शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान नान्हू सिंह के रूप में की गई।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, परिजनों ने पूरे मामले में हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं।
रामगढ़ थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह ने बताया कि युवक पिछले चार दिनों से लापता था। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

