Jamshedpur: पलामू जिले के पिपरा प्रखंड में कंबल वितरण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। पंचायत जनप्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विनय कुमार और प्रखंड के कर्मचारियों पर कंबल की चोरी का आरोप लगाया है।
बताते हैं कि बीडीओ अपनी सरकारी गाड़ी से कहीं जा रहे थे, तभी छतरपुर थाना क्षेत्र के दिनादाग मोड़ पर पंचायत जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। ग्रामीणों का आरोप था कि बीडीओ कंबल लेकर क्षेत्र से बाहर जा रहे हैं। इसी दौरान प्रखंड में तैनात एक अन्य कर्मचारी की बाइक को भी रोका गया, जिसके पास दो कंबल पाए गए। वहीं बीडीओ की गाड़ी से करीब 10 कंबल बरामद होने का दावा किया गया।
घटना के दौरान आक्रोशित ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने बीडीओ की गाड़ी की चाबी भी छीन ली। मामले की सूचना मिलने पर छतरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को शांत कराया। पुलिस के समझाने के बाद गाड़ी की चाबी वापस की गई।
पिपरा के प्रखंड प्रमुख विक्रांत सिंह यादव ने कहा कि इससे पहले भी बीडीओ द्वारा कंबल ले जाने की बात सामने आई थी, जबकि जरूरतमंद लगातार कंबल वितरण की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि छुट्टी के दिन बीडीओ कंबल लेकर क्षेत्र से बाहर क्यों जा रहे थे, यह संदेह पैदा करता है।
वहीं बीडीओ विनय कुमार ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि प्रखंड को 800 कंबल उपलब्ध कराए गए थे, जिनमें से लगभग 700 का वितरण हो चुका है। जरूरतमंदों को तत्काल सहायता देने के लिए वाहन में कंबल हमेशा रखे जाते हैं। उन्होंने बताया कि छुट्टी के दिन वे बस पकड़ने के लिए छतरपुर जा रहे थे। बीडीओ ने कहा कि गाड़ी रोके जाने और चाबी छीने जाने को लेकर वे कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रहे हैं।
Also Read: Koderma News : कोडरमा में सुभाष राणा हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, बहनोई गिरफ्तार

