Palamu : चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में हुए हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले में 17 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। हालांकि अब तक किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एहतियातन घटनास्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती भी कर दी गई है।
गौरतलब है कि शनिवार को रामपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर तनाव बढ़ गया था। आरोप है कि एक विधवा महिला के घर को कथित रूप से गिरा दिया गया। इसी विवाद के दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग की गई, जिसमें सकेंद्र चौधरी नामक युवक की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने चैनपुर–मेदिनीनगर मार्ग पर शाहपुर के पास कोयल पुल के समीप सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
मृतक सकेंद्र चौधरी के पिता मधु चौधरी के बयान पर पुलिस ने 17 लोगों को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज की है। इसके साथ ही 25 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि विवादित जमीन पर निर्माणाधीन मकान को लेकर यह झड़प शुरू हुई। आरोप है कि पहले आरोपियों ने पीड़ित परिवार का घर गिराया और विरोध करने पर धमकी देकर वहां से चले गए। बाद में जब परिवार के लोग गिरी हुई ईंटें हटा रहे थे, तभी आरोपित दोबारा पहुंचे और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
इस फायरिंग में सकेंद्र चौधरी की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है।
Read Also: Palamu Murder : सुबह खेत में दिखा शव, फैली सनसनी, हत्या के पीछे कौन? पुलिस तलाश में

