चक्रधरपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल के गुवा स्टेशन क्षेत्र के ठाकुरा गांव स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास रविवार को मालगाड़ी की चपेट में आने से 25 वर्षीय अज्ञात युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार युवक का शव रेलवे ओवरब्रिज के किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। आशंका है कि युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही गुवा थाना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची।
थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक की पहचान नहीं हो पाई है। उसके पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। साथ ही आसपास के थानों को भी सूचना दी गई है। थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि युवक रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंचा। घटना हादसा है या कोई अन्य वजह, इसकी जांच की जा रही है।
Read Also: Chakradharpur News : बकरीद को लेकर चक्रधरपुर थाना में शांति समिति की बैठक, भाईचारा बनाए रखने की अपील

