
रामगढ़ : चुट्टूपालु घाटी में शनिवार सुबह पुनः एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित ट्रेलर ने दो कारों में जोरदार टक्कर मार दी। दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि इस हादसे में किसी भी वाहन सवार या फिर चालक को गंभीर चोट नहीं आई है।
शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे घाटी में गैस LPG से भरे एक टैंकर का ब्रेक फेल हो गया । चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसे ठीक किया जा रहा था। इसी दौरान छत्तीसगढ़ की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर संख्या CG 10S1519 ने आगे चल रही गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश की।
इस दौरान ट्रेलर के ड्राइवर ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया। संतुलन बिगड़ते ही ट्रेलर ने वहां से गुजर रही एक मारुति डिजायर कार नंबर JH02BZ6481 और एक हुंडई क्रेटा कार नंबर JH02BN4677 को चपेट में ले लिया।
घाटी में वाहनों की लगी कतार
हालांकि दोनों ही कारों में सवार लोग बाल-बाल बच गए। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। इस दुर्घटना के बाद घाटी वाले मार्ग पर कुछ समय के लिए गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह ठहर गई। देखते ही देखते सड़क पर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोग जाम में फंस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद बीच सड़क पर खराब खड़े गैस टैंकर और दुर्घटनाग्रस्त कारों को क्रेन की मदद से हटवाया। रास्ता साफ होने के बाद ही चुट्टूपालु घाटी में यातायात सामान्य हो सका।
Read Also: Bahamas Plane Crash : बहामास में दर्दनाक विमान हादसा, छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त, 10 लोगों की मौत

