रांची: रविवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के गाड़ीखाना में रहने वाले कोयला कारोबारी मनीष धानुका की गोली लगने से मौत हो गई है। कारोबारी ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या की गई है इसे लेकर पुलिस जांच में जुट गई है। बता दें कि कोयला कारोबारी का शव उनके घर के एक कमरे से बरामद किया गया है। शव के पास से एक हथियार भी बरामद किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने लाइसेंसी हथियार से खुद को गोली मारी है। हालांकि, कोतवाली पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल और कमरे से बरामद हथियार की जांच के लिए एफएसएल टीम पहुंच चुकी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय और थानेदार आदिकांत महतो मौके पर पहुंचे। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है।
712

