RANCHI: रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री शुक्रवार को एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने समाहरणालय स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया, झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (बैकलॉग) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 की तैयारियों की समीक्षा की और गेतलसूद डैम परिसर में बन रहे कम्युनिटी सेंटर की प्रगति को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की।
आई कार्ड नहीं पहनने पर लिपिक को शोकॉज
शाम 4:35 बजे उपायुक्त ने समाहरणालय के विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति जांची। अनुपस्थित कर्मियों के अवकाश आवेदन की भी समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान पंचायती राज कार्यालय में एक लिपिक के पहचान पत्र नहीं पहनने पर उपायुक्त ने शोकॉज जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी कर्मचारियों को पहचान पत्र धारण करने और टेबल पर नेम प्लेट प्रदर्शित करने को अनिवार्य बताते हुए कहा कि आम लोगों को कार्यालय में कर्मियों की पहचान में कठिनाई नहीं होनी चाहिए।
अनुकंपा वाले कर्मचारियों के प्रशिक्षण पर जोर
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अनुकंपा के आधार पर नियुक्त कर्मचारियों के कार्य प्रशिक्षण पर भी जोर दिया। संबंधित कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिया गया कि ऐसे कर्मियों को प्रशासनिक कार्यों की समुचित जानकारी देकर दक्ष बनाया जाए। इसके अलावा समाहरणालय भवन के विभिन्न तलों में अग्निशामक यंत्रों की जांच करते हुए सभी फ्लोर पर कार्यशील उपकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
मानसून से पहले जल निकासी व्यवस्था करें
उपायुक्त ने समाहरणालय की छत का निरीक्षण कर मानसून से पहले जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने और चौकीदारों को 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया। इसी दौरान निर्मल आवास परिसर में रहने वाले कुष्ठ पीड़ित समाज के लोगों की पानी समस्या सामने आने पर उपायुक्त ने तत्काल बोरिंग कराने का निर्देश दिया।
झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा परीक्षा की ब्रीफिंग
वहीं 17 मई को होने वाली झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (बैकलॉग) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 की तैयारियों को लेकर सभी केंद्राधीक्षकों के साथ ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रांची के 64 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होने वाली परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए विशेष सुरक्षा, ट्रैफिक, मेडिकल और निगरानी व्यवस्था की गई है।
कम्युनिटी सेंटर की प्रगति की समीक्षा
इसके अलावा गेतलसूद डैम परिसर में पर्यटन विभाग द्वारा बनाए जा रहे कम्युनिटी सेंटर की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने गुणवत्तापूर्ण निर्माण और समयसीमा के पालन के निर्देश दिए। नौका विहार की सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए उन्होंने लाइफ जैकेट, प्रशिक्षित कर्मी और आपातकालीन संसाधन हर हाल में उपलब्ध रखने को कहा।

