Home » RANCHI NEWS: कांके डैम के संरक्षण को रांची नगर निगम ने उठाया ठोस कदम, नगर आयुक्त ने दिया ये आदेश

RANCHI NEWS: कांके डैम के संरक्षण को रांची नगर निगम ने उठाया ठोस कदम, नगर आयुक्त ने दिया ये आदेश

स्पेशल टास्क फोर्स करेगी निगरानी, हटाएगी डैम किनारे से अतिक्रमण

by Vivek Sharma
रांची नगर निगम ने कांके डैम संरक्षण के लिए विशेष टास्क फोर्स, ड्रोन मैपिंग, अतिक्रमण हटाने और प्रदूषण रोकने की योजना बनाई।
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI: रांची नगर निगम क्षेत्रांतर्गत वार्ड नंबर 1 स्थित कांके डैम शहर की लाइफलाइन हैं। इसके स्वच्छता और संरक्षण के उद्देश्य से शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने अंचल की टीम के साथ मिशन गली, कांके डैम तट से लेकर कांके डैम पार्क तक भ्रमण किया। उन्होंने स्वच्छता, अतिक्रमण, अवैध कब्जा, निर्माण, ड्रेनेज की स्थिति इत्यादि का विस्तारपूर्वक निरीक्षण किया। उन्होंने कांके डैम के संरक्षण के लिए ठोस व प्रभावी कदम उठाते हुए कार्य योजना तैयार करने का आदेश दिया।

साथ ही एक स्पेशल टास्क फोर्स गठित करने का निर्देश दिया। जिसके तहत स्वच्छता शाखा, नगर निवेशक शाखा, अभियंत्रण शाखा, ट्रांसपोर्ट शाखा, भू संपदा शाखा और अंचल कार्यालय की टीम संयुक्त रूप से काम करेगी। उन्होंने डैम में प्रदूषण रोकने के लिए त्वरित एवं दीर्घकालिक उपाय करने को कहा। नगर आयुक्त ने अभियंत्रण शाखा को निर्देशित किया कि डैम में सीधे गिरने वाले सभी नालों को चिन्हित कर उनके प्रवाह को तत्काल रोका जाए। साथ ही घरों से निकलने वाले ड्रेनेज को डायवर्ट करने, शॉकपिट निर्माण को बढ़ावा देने तथा डैम में किसी भी प्रकार के प्रदूषित तरल अपशिष्ट के प्रवाह पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने हेतु कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।

कैचमेंट एरिया की कराई जाएगी मापी

भू-संपदा शाखा और अंचल प्रशासन को कांके डैम के संपूर्ण कैचमेंट एरिया की मापी कराकर उसकी विधिवत घेराबंदी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही अतिक्रमण की श्रेणी में आने वाली संरचनाओं की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। इनफोर्समेंट टीम को तत्काल प्रभाव से डैम क्षेत्र में संचालित सभी अवैध खटालों, अवैध संरचनाओं के साथ अवैध बाउंड्री वाल को हटाने का निर्देश दिया गया। नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि जलाशय क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध गतिविधि किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।

ड्रोन मैपिंग से होगी व्यापक निगरानी

डैम के कैचमेंट क्षेत्र की ड्रोन मैपिंग कर प्लॉटवार अतिक्रमण, अवैध निर्माण के अलावा अवैध व्यावसायिक गतिविधियों की पहचान की जाएगी। चिन्हित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए नोटिस देने के साथ साथ क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाया जाएगा। स्वच्छता एवं ट्रांसपोर्ट शाखा को निर्देश दिया गया कि कांके डैम में जलकुंभी व गाद हटाने के लिए पोकलेन मशीन और वीड हार्वेस्टिंग मशीन के माध्यम से नियमित अभियान चलाया जाए ताकि जलाशय की जलधारण क्षमता और स्वच्छता बनी रहे।

अभियंत्रण शाखा को संपूर्ण कैचमेंट एरिया में एंड-टू-एंड वॉकवे निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया, जिससे आम नागरिकों को मॉर्निंग व इवनिंग वॉक की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके। साथ ही कहा कि डैम क्षेत्र एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित हो। उन्होंने कहा कि जलाशयों के संरक्षण हेतु नियमों के अधीन कार्यों को समयबद्ध तरीके से किया जाना है। उन्होंने बताया कि नियमानुसार वाटर बॉडीज के अधिगृहित भूमि से 15 मीटर की परिधि के भीतर किसी भी प्रकार का भवन अथवा अन्य निर्माण पूर्णतः प्रतिबंधित है। इसपर किसी भी श्रेणी में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले समय में योजनाबद्ध तरीके से स्वच्छता को बढ़ावा देने, अतिक्रमण मुक्त करने के साथ साथ कांके डैम को शहरवासियों के लिए प्रेजेंटेबल बनाया जाएगा।

READ ALSO: जमशेदपुर में ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत, मानसिक तनाव के बीच घर से निकली थी लक्ष्मी मुर्मू

Related Articles

Leave a Comment