RANCHI: रांची में एक दुर्लभ प्रजाति के रेड सैंड बोआ सांप का सफल रेस्क्यू किया गया। रांची एयरपोर्ट के सामने देर रात स्थानीय लोगों ने सांप को देखा। सांप देखने के बाद स्नेक कैचर को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही स्नेक कैचर रमेश मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक सांप को पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान यह ध्यान रखा गया कि सांप को कोई नुकसान न पहुंचे। बाद में सांप को सुरक्षित जू भेज दिया गया, जहां विशेषज्ञ उसकी निगरानी कर रहे हैं।
राजस्थान में पाया जाता है इस प्रजाति का सांप
विशेषज्ञों के अनुसार रेड सैंड बोआ आमतौर पर राजस्थान और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में पाया जाता है। यह बेहद दुर्लभ है। यह सांप पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह छोटे जीवों को खाकर उनकी आबादी नियंत्रित करता है। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत संरक्षित इस प्रजाति को नुकसान पहुंचाना दंडनीय अपराध है।

