Home » RANCHI RAIL NEWS: चलती ट्रेन में पिस्टल लहराने वाले दो युवकों को आरपीएफ ने दबोचा, जमशेदपुर से लाकर रांची में सप्लाई की थी योजना

RANCHI RAIL NEWS: चलती ट्रेन में पिस्टल लहराने वाले दो युवकों को आरपीएफ ने दबोचा, जमशेदपुर से लाकर रांची में सप्लाई की थी योजना

रांची रेल मंडल में दो अलग-अलग मामलों में की गई कार्रवाई, ट्रेन में मिला साढ़े छह लाख का गांजा

by Vivek Sharma
RANCHI: आरपीएफ ने चलती ट्रेन में पिस्तौल लहराने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया, वहीं रांची स्टेशन पर 13 किलो गांजा बरामद हुआ।
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI: रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) रांची मंडल ने ट्रेनों और रेलवे परिसरों में चलाए जा रहे सुरक्षा अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चलती ट्रेन में अवैध हथियार लहराकर यात्रियों को धमकाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरी ओर रांची रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में जांच के दौरान 13 किलोग्राम गांजा भी बरामद किया गया।

आरपीएफ कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर 7 मई को ट्रेन संख्या 18615 हावड़ा-हटिया क्रियायोगा एक्सप्रेस में आरपीएफ पोस्ट रांची की टीम चांडिल से हटिया तक एस्कॉर्टिंग ड्यूटी कर रही थी। इस दौरान कीता रेलवे स्टेशन पार करने के बाद सामान्य कोच से अफरा-तफरी और शोर सुनाई दी। मौके पर पहुंची आरपीएफ टीम ने देखा कि एक युवक यात्रियों के बीच अवैध देशी पिस्तौल लहराकर उन्हें धमका रहा था, जबकि उसका दूसरा साथी अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा था। आरपीएफ जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक देशी पिस्तौल और 7.65 एमएम का एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकीब खान और रेहान खान के रूप में हुई है। दोनों रांची के बरियातू क्षेत्र के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि हथियार जमशेदपुर के एक व्यक्ति से लिया गया था और इसे रांची में सप्लाई किया जाना था। बाद में दोनों को हथियार और कारतूस के साथ जीआरपी रांची को सौंप दिया गया, जहां आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

ट्राली में भरा था 13 किलो गांजा

इधर 6 मई को रांची रेलवे स्टेशन पर चलाए गए जांच अभियान में आरपीएफ को एक बड़ी सफलता मिली। ट्रेन संख्या 18523 एक्सप्रेस के ए-2 कोच में सीट संख्या 37 के नीचे एक संदिग्ध ट्रॉली बैग मिला। जांच में बैग से 13 पैकेट गांजा बरामद हुआ। डीडी किट जांच में गांजा की पुष्टि हुई, जिसका कुल वजन 13 किलोग्राम निकला। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब 6.5 लाख रुपये बताई गई है। आरपीएफ ने जब्त गांजा को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया है। दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है।

READ ALSO: RANCHI NEWS: अपर मुख्य सचिव ने की स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा, लापरवाही पर सख्ती का आदेश

Related Articles

Leave a Comment