
रांची: दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर झारखंड सचिवालय सेवा संघ ने मंगलवार को नेपाल हाउस और प्रोजेक्ट भवन परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, श्रद्धांजलि एवं संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में सचिवालय सेवा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा कुल 80 यूनिट रक्तदान किया। संघ ने इसे मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बताया। इस दौरान संघ ने अपनी लंबित एवं न्यायोचित मांगों के समर्थन में चरणबद्ध, लोकतांत्रिक और संवैधानिक आंदोलन की औपचारिक शुरुआत की। संघ का कहना है कि सेवा हितों की लगातार हो रही उपेक्षा के खिलाफ आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से चलाया जाएगा। संघ ने सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों से 5 अगस्त को आयोजित मानव श्रृंखला तथा 6 से 12 अगस्त तक मनाए जाने वाले “काला बैज सप्ताह” में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।

