
Jamshedpur : टाटा स्टील के हॉट स्ट्रिप मिल (एचएसएम) के कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही बेहतर खानपान की मांग मंगलवार को पूरी हो गई। विभाग में नवनिर्मित हॉट मिल कैफे का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस मौके पर कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट (ऑपरेशंस) चैतन्य भानु और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी उर्फ टुन्नु उपस्थित रहे। हॉट स्ट्रिप मिल के जेडीसी चेयरमैन तुहीन चटर्जी और वाइस चेयरमैन राकेश सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कैफे का उद्घाटन किया और इसे कर्मचारियों को समर्पित किया।
कर्मचारी लंबे समय से कंपनी परिसर में ही बेहतर और सुविधाजनक खानपान व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए कैफे शुरू करने की मांग कर रहे थे। हॉट मिल कैफे के शुरू होने से अब कर्मचारियों को विभाग के भीतर ही उचित दर पर भोजन और नाश्ता उपलब्ध हो सकेगा। कैफे को आकर्षक ढंग से तैयार किया गया है, जहां कर्मचारी बैठकर आराम से भोजन कर सकेंगे।
नाश्ते से लेकर रात के भोजन तक की व्यवस्था
हॉट मिल कैफे में कर्मचारियों के लिए सुबह का नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात के खाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। कैफे का संचालन सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक किया जाएगा। इसके अलावा कर्मचारी सामूहिक रूप से भोजन का बल्क ऑर्डर भी दे सकेंगे। इसके लिए कम से कम चार घंटे पहले ऑर्डर देना अनिवार्य होगा।
उद्घाटन समारोह में विभागीय कमेटी मेंबर अमित सिंह, मोहन सिंह, एसएन सिंह, निरंजन महापात्र, अमनदीप समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे। कैफे की शुरुआत से कर्मचारियों को कार्यस्थल पर ही बेहतर खानपान की सुविधा मिलने के साथ उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग भी पूरी हुई है।

