
Jamshedpur : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय जमशेदपुर स्थित एमजीएम (महात्मा गांधी मेमोरियल) अस्पताल में इलाज के दौरान जन्मजात हृदय रोग से जूझ रही दो माह की बच्ची की मौत हो गई। आदित्यपुर निवासी आशुतोष कुमार की बेटी रिद्धि राय ने सोमवार रात दम तोड़ दिया। मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि 25 अक्टूबर को बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे एमजीएम अस्पताल के शिशु रोग विभाग लेकर पहुंचे थे। यहां करीब दो घंटे तक इलाज कराने के बाद वे बच्ची को घर ले गए। हालांकि, अगले ही दिन यानी 26 अक्टूबर को उसकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उसे लेकर दोबारा एमजीएम अस्पताल पहुंचे।
बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया। उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए वेंटिलेटर पर रखकर इलाज शुरू किया गया। चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी जान बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ।
डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची जन्म से ही हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित थी। अस्पताल लाए जाने के समय उसकी हालत बेहद गंभीर थी। तमाम कोशिशों और जीवनरक्षक उपायों के बावजूद सोमवार देर शाम उसकी मौत हो गई।
इसे भी पढ़ें – Jharkhand Weather Today : झारखंड में आज बदलेगा मौसम, रांची- पलामू समेत 8 जिलों में बारिश के आसार

