
हिंदी-अंग्रेजी दोनों श्रेणियों में मिलेंगे पुरस्कार, 5 नवंबर को ईसीआईनेट एप डाउनलोड कराने का चलेगा विशेष अभियान
रांची : झारखंड में मतदाता जागरूकता और लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाने के लिए निर्वाचन विभाग ने युवाओं के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन की तैयारी की है। इसके तहत स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए निबंध, प्रश्नोत्तरी और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। राज्यस्तरीय ‘आवाज झारखंड 2026’ भाषण प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों को 10 नवंबर तक अपना वीडियो जमा करना होगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के निर्देश पर 20 नवंबर तक तीन स्तरों पर निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं, 5 नवंबर को राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थानों में संचालित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के माध्यम से ईसीआईनेट एप डाउनलोड कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। सोशल मीडिया के जरिए भी विद्यार्थियों को एप के प्रति जागरूक किया जाएगा।
भाषण प्रतियोगिता में मिलेंगे 10 हजार रुपये
‘आवाज झारखंड 2026’ में राज्य के स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं और कॉलेज एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। प्रतिभागियों को हिंदी या अंग्रेजी में एक से पांच मिनट का भाषण वीडियो बनाकर जमा करना होगा। इसके लिए तीन विषय निर्धारित किए गए हैं। इनमें शुद्ध मतदाता सूची से मजबूत लोकतंत्र, लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका और मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण क्यों जरूरी है, शामिल हैं।
वीडियो के साथ भाषण की लिखित स्क्रिप्ट भी अपलोड करनी होगी। वीडियो पोर्ट्रेट फॉर्मेट (9:16) में होना अनिवार्य है। हिंदी और अंग्रेजी दोनों श्रेणियों में अलग-अलग प्रथम पुरस्कार 10 हजार, द्वितीय पुरस्कार पांच हजार और तृतीय पुरस्कार तीन हजार रुपये दिए जाएंगे। विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र भी मिलेगा। भाषण में प्रतिभागियों की वास्तविक आवाज और प्रस्तुति अनिवार्य होगी। एआई से तैयार ऑडियो और वीडियो सामग्री स्वीकार नहीं की जाएगी।
तीन चरणों में होगी निबंध और क्विज प्रतियोगिता
निबंध प्रतियोगिता के लिए ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ और ‘मतदान का महत्व’ विषय निर्धारित किए गए हैं। स्कूल के विद्यार्थियों के लिए 500 से 800 शब्द और कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए 800 से 1200 शब्दों की सीमा होगी। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची निर्माण, ईवीएम, वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया और मतगणना से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे।
इन प्रतियोगिताओं का आयोजन संस्थान, विधानसभा क्षेत्र और जिला स्तर पर होगा। संस्थान स्तर पर प्रत्येक प्रतियोगिता से दो प्रतिभागियों का चयन किया जाना है। विधानसभा स्तर पर प्रत्येक क्षेत्र से 10 प्रतिभागियों का चयन होगा। इसके बाद जिला स्तर पर फाइनल आयोजित होगा, जहां प्रत्येक प्रतियोगिता के शीर्ष 10 प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया जाएगा।
संस्थान स्तर की प्रतियोगिताएं 7 नवंबर तक, विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताएं 10 से 13 नवंबर और जिला स्तरीय फाइनल 16 से 18 नवंबर तक होंगे। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य युवाओं को मतदाता सूची, निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतंत्र में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना है।

