Home » Jamshedpur News : एमजीबी, ठहराव लाभ, प्रमोशन और मेडिकल सुविधा समेत 12 मुद्दों के समाधान की मांग

Jamshedpur News : एमजीबी, ठहराव लाभ, प्रमोशन और मेडिकल सुविधा समेत 12 मुद्दों के समाधान की मांग

टाटा स्टील में वेज रिवीजन समझौते की खामियों और कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों को लेकर बवाल

by Arvind Shrivastava
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : टाटा स्टील में वेज रिवीजन समझौते की खामियों और कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों को लेकर बुधवार को फील्ड मेंटेनेंस इलेक्ट्रिकल (एफएमई) एवं इलेक्ट्रिकल टीएंडडी के यूनियन कमेटी मेंबरों ने अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। कमेटी मेंबरों ने ग्रेड रिवीजन में हुई विसंगतियों को दूर करने के साथ कर्मचारियों के हित में कई मांगों को लागू करने की मांग की। अध्यक्ष ने सभी मुद्दों पर हरसंभव प्रयास का भरोसा दिया।

ज्ञापन में मांग की गई कि एमजीबी में ब्लॉक-1 और ब्लॉक-2 की तर्ज पर कार्य प्रकृति के अनुसार ब्लॉक-3 एवं ब्लॉक-4 में भी उचित अंतर किया जाए। दोनों ब्लॉकों को ठहराव लाभ देने तथा 1 जनवरी 2025 या उसके बाद कंपनी में शामिल हुए कर्मचारियों को भी एमजीबी का लाभ देने की मांग की गई।

कंपनी आवास में रहने वाले एनएस कर्मचारियों के लिए संशोधित बेसिक के छह प्रतिशत स्टैंडर्ड रेंट की व्यवस्था की समीक्षा करने, जबकि टीपीआर प्रणाली को सरल, पारदर्शी, वस्तुनिष्ठ, मापनीय और कर्मचारी-अनुकूल बनाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

कमेटी मेंबरों ने चार वर्ष की सेवा और निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले एनएस-6 कर्मचारियों को समय पर पदोन्नति देने तथा पात्र कर्मचारियों के लिए फास्ट ट्रैक प्रमोशन पॉलिसी लागू करने की मांग की। इसके अलावा हायर एजुकेशन अलाउंस को संशोधित वेज रिवीजन की प्रभावी तिथि से लागू करने की मांग की गई।

डीए में अस्थायी कमी से नुकसान की भरपाई की मांग

फिटमेंट के दौरान डीए में हुई अस्थायी कमी से कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान नहीं हो, इसके लिए नॉन-रिड्यूस्ड डीए लेवल पर उचित संरक्षण देने की मांग की गई। साथ ही एनएस कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों को सेवानिवृत्ति के बाद भी मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।

एफएमई एवं टीएंडडी कर्मचारियों के लिए एचटी इलेक्ट्रिकल जॉब तथा ईओटी क्रेन हाइट जॉब अलाउंस का प्रावधान करने, दूसरे डिवीजनों से जमशेदपुर आए और वेज रिवीजन से वंचित कर्मचारियों को भी संशोधित वेतन समझौते का लाभ देने तथा पूर्व अनुभव के आधार पर दिए गए अतिरिक्त इंक्रीमेंट को आगामी ग्रेड रिवीजन एवं प्रमोशन में संरक्षित रखने की मांग की गई।

ज्ञापन सौंपने वालों में राकेश कुमार सिंह, श्याम सुंदर गोप, ब्रजेश पांडेय, विवेक कुमार, निशांत कुमार, हरिओम कुमार, पवन प्रकाश और अनूप ठाकुर शामिल थे।

Related Articles