
चाईबासा : टाटा स्टील के रॉ मटेरियल्स डिवीजन ने खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS) और यूनियन के सहयोग से बुधवार को रांची स्थित चाणक्य BNR होटल में त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की। बैठक में डिवीजन के चार यूनिट – वेस्ट बोकारो, झरिया, OMQ और FAMD के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता DGMS के महानिदेशक उज्ज्वल ताह ने की। इस मौके पर सेंट्रल जोन धनबाद के उप महानिदेशक आर. टी. मंडेकर, साउथ ईस्टर्न जोन रांची के उप महानिदेशक श्याम सुंदर प्रसाद, टाटा स्टील झरिया डिवीजन के जनरल मैनेजर नरेंद्र कुमार गुप्ता, FAMD के एग्जीक्यूटिव इंचार्ज सुशांत कुमार मिश्रा, OMQ डिवीजन के जनरल मैनेजर देबाशीष जेना, वेस्ट बोकारो डिवीजन के जनरल मैनेजर मुकेश रंजन, चीफ सेफ्टी इंडिया एवं साउथ ईस्ट एशिया नीरज सिन्हा और चीफ सेफ्टी रॉ मटेरियल्स आगम कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
कार्यक्रम की शुरुआत सेफ्टी ब्रीफिंग के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगीत, DGMS थीम सॉन्ग और दीप प्रज्वलन कर औपचारिक उद्घाटन किया गया। स्वागत भाषण के बाद बैठक की पृष्ठभूमि रखी गई और औद्योगिक हादसों में दिवंगत लोगों की याद में एक मिनट का मौन रखा गया।
बैठक में पिछली त्रिपक्षीय सुरक्षा बैठकों में दिए गए सुझावों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई। बैठक में खनन क्षेत्र में जीरो-हार्म कल्चर को बढ़ावा देने, नई तकनीक अपनाने, विविधता, समानता और समावेशन को मजबूत करने, ग्रीन माइनिंग और सस्टेनेबिलिटी पर जोर देने के साथ ही सेफ्टी, हेल्थ एंड वर्किंग कंडीशंस OSH कोड 2020 और ऑक्यूपेशनल सेफ्टी, हेल्थ एंड वर्किंग कंडीशंस सेंट्रल रूल्स 2026 को लागू करने पर चर्चा हुई।
DGMS अधिकारियों ने अपने विचार रखे, जिसके बाद यूनियन प्रतिनिधियों और वेंडर पार्टनरों ने भी सुझाव दिए। महानिदेशक उज्ज्वल ताह ने खनन में महिलाओं की भागीदारी की सराहना की और संगठनों के बीच एक-दूसरे से सीखने और बेहतर तौर-तरीके साझा करने पर जोर दिया। आगे की कार्ययोजना संदीप कुमार ने प्रस्तुत की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
बैठक में टाटा स्टील, DGMS, यूनियन और वेंडर कंपनियों के लगभग 180 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। यह त्रिपक्षीय मंच कार्यस्थल पर सुरक्षा को और मजबूत करने और बेहतर कार्य वातावरण को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच है। टाटा स्टील ने कहा कि कंपनी कर्मचारियों की सुरक्षा और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।
Read Also Chaibasa News : MMDR विधेयक के विरोध में झामुमो का धरना प्रदर्शन 7 सितंबर को

