पटना। पटना में मीडिया से बात करते हुए तेजप्रताप यादव ने अपने पिता और राजद प्रमुख लालू यादव को एक बार फिर से पार्टी अध्यक्ष बनने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा, “मुझे बेहद खुशी है कि लालू यादव फिर से अध्यक्ष बने हैं।”
“तेजस्वी यादव बने बिहार के मुख्यमंत्री”: भाई को दी शुभकामना
तेजप्रताप यादव ने अपने भाई तेजस्वी यादव के लिए भी शुभकामना दी और कहा, “मैं चाहता हूं कि वह बिहार के मुख्यमंत्री बने। मेरा पूरा आशीर्वाद उनके साथ है।”
“जान को खतरा, बिहार सरकार से सुरक्षा की मांग”
तेजप्रताप यादव ने खुलासा किया कि उनकी जान को खतरा है और उन्होंने बिहार सरकार से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा, “मुझ पर हर तरफ से दुश्मनों की नजर है। चार-पांच लोगों ने मिलकर मेरा निजी जीवन तबाह करने और परिवार से अलग करने का षड्यंत्र किया है।”
“4-5 लोगों ने किया साजिश, जनता से करेंगे न्याय की मांग”
तेजप्रताप यादव ने आगे कहा, “चार-पांच लोगों ने साजिश रचकर मुझे पार्टी से निकाला है। पूरी बिहार की जनता जानती है कि मेरा स्वभाव कैसा है और मैं लोगों से किस तरह घुलमिल जाता हूं। इन लोगों ने सोचा कि मुझे अलग कर दबा देंगे, मगर तेजप्रताप दबने वाला नहीं है।”
उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, “जो चार-पांच लोग डेरा डालकर बैठे हैं, मैं उनका नाम तो नहीं ले रहा हूं, मगर वे जान ले कि मैं चुप बैठने वाला नहीं हूं। मैं बिहार की जनता के बीच जाऊंगा, न्याय उन्हीं से मांगूंगा।”
“डंके की चोट पर करेंगे खुलासा”
तेजप्रताप यादव ने यह भी साफ किया कि वे डंके की चोट पर आगे नामों का खुलासा करेंगे। उन्होंने कहा, “जो लोग मेरे निजी जीवन में दखल देना चाहेंगे, मैं उनसे फरियाद लूंगा। मैं डरने वाला नहीं हूं और नामों का खुलासा वक्त आने पर करूंगा।”
बिहार की जनता जानती है साजिश करने वालों को- तेजप्रताप
तेजप्रताप यादव ने यह बात दोहराई कि बिहार की जनता जानती है कि किसने उनके साथ अन्याय किया है। “जो कुछ सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों में चल रहा है, वह सबने देखा है। मैं बिहार की जनता से न्याय की मांग करता हूं। मेरा साथ वे ही देंगे और फैसला उन्हीं का होगा।” तेजप्रताप यादव के इन खुलासों और तेवरों से बिहार की राजनीति में हलचल मच गई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आगे क्या होगा और कब वे उन नामों का खुलासा करेंगे, जिनका जिक्र उन्होंने किया है।

