Jamshedpur : एक्सएलआरआई- जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के छात्रों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और शहर का नाम रोशन किया है। अमेरिका के लोयोला लॉस एंजिलिस मैरी माउंट यूनिवर्सिटी में आयोजित ‘इंटरनेशनल बिजनेस एथिक्स एंड सस्टेनेबिलिटी केस कॉम्पिटिशन (आईबीईएससीसी ) 2026’ में एक्सएलआरआई की टीमों ने कई अहम खिताब अपने नाम किए।
13 से 17 अप्रैल तक चले इस प्रतिष्ठित वैश्विक प्रतियोगिता में 7 देशों की 41 यूनिवर्सिटी की 59 टीमों और 270 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच एक्सएलआरआई की टीमों ने अपनी विश्लेषणात्मक क्षमता, प्रस्तुति कौशल और नैतिक दृष्टिकोण से जजों को खासा प्रभावित किया।कई श्रेणियों में शानदार जीतप्रतियोगिता में ‘टीम नेक्सस कॉर्पोरेशन’ ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 25 मिनट और 10 मिनट की प्रस्तुति श्रेणियों में प्रथम स्थान हासिल किया।
इसके अलावा, टीम ने 90 सेकंड की प्रस्तुति श्रेणी में रनर-अप का खिताब भी अपने नाम किया।वहीं ‘बीई कंसल्टिंग’ और ‘क्लाइमेट कॉम्पेंसेटर्स’ टीमों ने 25 मिनट की श्रेणी में उपविजेता बनकर संस्थान की प्रतिष्ठा को और बढ़ाया।विशेष प्रशिक्षण से मिली बढ़तइस सफलता के पीछे जेआरडी टाटा फाउंडेशन फॉर बिजनेस एथिक्स की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फाउंडेशन ने 30 से अधिक टीमों में से चयन कर इन प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप विशेष प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को केस स्टडी विश्लेषण, एथिकल प्रेजेंटेशन और सस्टेनेबिलिटी जैसे चुनौतीपूर्ण चरणों से गुजरना पड़ा, जिसमें एक्सएलआरआई के छात्रों ने अपनी उत्कृष्टता साबित की।यह उपलब्धि एक बार फिर साबित करती है कि जमशेदपुर का एक्सएलआरआई न केवल अकादमिक उत्कृष्टता में अग्रणी है, बल्कि वैश्विक नैतिक मूल्यों और सस्टेनेबिलिटी के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पहचान रखता है।
Read also – Jamshedpur News : जैक बोर्ड 10वीं की परीक्षा में ओम कुमार बने जिला टॉपर, पूर्वी सिंहभूम का 98.02% रिजल्ट

