नई दिल्ली: T-20 World Cup 2024: भारत T-20 विश्व कप 2024 के फाइनल में पहुंच गया है। उसने गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल में इंग्लैंड को एकतरफा मुकाबले में 68 रन से हरा दिया।गयाना में खेले गए इस मुकाबले में टॉस इंग्लैंड ने जीता और भारत को पहले बल्लेबाजी का निमंत्रण दिया। इस दौरान टीम इंडिया ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 171 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 16.4 ओवर में 103 रन पर सिमट गई। अक्षर पटेल को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया। अब भारत का सामना फाइनल में शनिवार 29 जून को बारबाडोस में दक्षिण अफ्रीका से होगा। अगर दक्षिण अफ्रीका की बात करें तो वह पहली बार क्रिकेट के किसी वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है।
T-20 World Cup 2024: रोहित शर्मा ने फिर की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी:
अगर भारती पारी की बात करें तो कप्तान रोहित शर्मा व विराट कोहली ओपनिंग करने आये लेकिन एक बार फिर से कोहली नहीं चले और (09) पारी को तेजी देने के प्रयास में फिर जल्दी आउट हो गए। इसके बाद पंत आये लेकिन वो भी 4 रन बना कर जल्दी आउट हो गए। लेकिन रोहित शर्मा ने (39 गेंद पर 57) को सूर्यकुमार यादव (36 गेंद पर 47 रन) के रूप में अच्छा जोड़ीदार मिला। दोनों ने भारत को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। बीच में फिर बारिश ने बाधा डाली तब भारत का स्कोर आठ ओवर में दो विकेट पर 65 रन था।
बारिश ने बल्लेबाजों की लय बिगाड़ दी और इस ब्रेक के बाद इंग्लैंड ने रशीद और लियाम लिविंगस्टोन का दोनों छोर से अच्छा इस्तेमाल किया। लेकिन रोहित और सूर्यकुमार को रोक नहीं सके।
करन के 13वें ओवर में भारत ने 19 रन बनाये, जिसमें सूर्यकुमार ने दो छक्के और रोहित ने पिक-अप शॉट से छक्का लगाया जिससे उनका लगातार दूसरा अर्धशतक भी पूरा हुआ। इन दोनों ने 73 रन की साझेदारी निभायी जो रोहित के रशीद की गुगली पर आउट होने से टूटी। हार्दिक पांड्या (13 गेंद पर 23 रन) ने पिच के दोनों ओर दो छक्के लगाकर पारी को आगे बढ़ाया। तो रवींद्र जडेजा (नौ गेंद पर नाबाद 17 रन) ने आर्चर के ओवर में दो महत्वपूर्ण चौके लगाये। वहीं दुबे केवल एक गेंद खेलकर आउट हो गए। आखिरी ओवर में क्रिस जॉर्डन की गेंद पर अक्षर पटेल के छक्के ने भारत 170 के पार पहुंचा। टीम ने आखिरी पांच ओवरों में 53 रन बनाए।
T-20 World Cup 2024: संभल न सकी इंग्लैंड की पारी:
172 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम को कप्तान जोस बटलर और फिल सॉल्ट ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने तीन ओवर में 26 रन जोड़ लिए थे। इसके बाद अक्षर पटेल ने बटलर (23), बेयरस्टो (0) और मोईन अली (8) को आउट किया। वहीं, जसप्रीत बुमराह ने फिल सॉल्ट और कुलदीप यादव ने सैम करन (2) को आउट किया। इंग्लैंड का स्कोर नौवें ओवर में 49 पर पांच विकेट हो गया। इसके बाद हैरी ब्रूक ने जमने की कोशिश की, लेकिन कुलदीप ने उन्हें भी पवेलियन भेजा। ब्रूक ने 19 गेंद में सबसे ज्यादा 25 रन बनाए। लियम लिविंगस्टोन 11 रन, क्रिस जॉर्डन एक रन, आदिल रशीद दो रन और जोफ्रा आर्चर 21 रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से अक्षर पटेल और कुलदीप यादव ने तीन विकेट लिए। वहीं, जसप्रीत बुमराह को दो विकेट मिला।
T-20 World Cup 2024: टीम इंडिया तीसरी बार खेलेगी फाइनल:
भारतीय टीम तीसरी बार T-20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। इससे पहले 2007 और 2014 में टीम इंडिया ने फाइनल खेला था। दोनों संस्करण में महेंद्र सिंह धोनी कप्तान रहे थे। अब टीम इंडिया 10 साल बाद रोहित शर्मा की कप्तानी में फाइनल में पहुंची है। भारतीय टीम एक साल के अंदर लगातार दूसरे आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है। इससे पहले 2023 वनडे विश्व कप में भी टीम इंडिया फाइनल में पहुंची थी, लेकिन वहां आस्ट्रेलिया के हाथों उसे हारना पड़ा था।

