नई दिल्ली : PM Modi Wayanad Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केरल के वायनाड में लैंडस्लाइड प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे कर हालात का जायजा लेंगे। इसके साथ ही वे राहत शिविरों में जाकर प्रभावित लोगों से मुलाकात करने के साथ ही अस्पतालों में घायलों और पीड़ितों के परिवार से भी मुलाकात करेंगे।

पीएम मोदी सुबह 11 बजे कन्नूर पहुंचेंगे और फिर वायनाड में लैंडस्लाइड प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। दोपहर करीब 12 बजकर 15 मिनट पर पीएम लैंडस्लाइड प्रभावित क्षेत्र का दौरा करेंगे जहां उन्हें बचाव दलों द्वारा चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी जाएगी। वहीं उसके बाद प्रधानमंत्री राहत शिविर और अस्पताल भी जाएंगे, जहां वे भूस्खलन पीड़ितों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद मोदी एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें उन्हें घटना और जारी राहत प्रयासों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
PM Modi Wayanad Visit : वायनाड भूस्खलन पीड़ितों के पुनर्वास के लिए 2,000 करोड़ की मांग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भूस्खलन प्रभावित वायनाड के दौरे से पहले केरल सरकार की मंत्रिमंडलीय उप-समिति ने इलाके का दौरा करने वाली केंद्रीय टीम से मुलाकात की और आपदाग्रस्त क्षेत्र में पुनर्वास एवं राहत कार्य के लिए 2,000 करोड़ रुपये की सहायता मांगी। वहीं गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव राजीव कुमार के नेतृत्व में केंद्रीय टीम ने आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया और प्रभावित लोगों से बातचीत की। अंतर-मंत्रालय केंद्रीय टीम ने कहा कि वायनाड भूस्खलन का प्रभाव बहुत बड़ा है और एक विस्तृत अध्ययन की आवश्यकता है।
PM Modi Wayanad Visit : आवासीय और कृषि क्षेत्र दोनों में बड़ा नुकसान
केरल मंत्रिमंडलीय उप-समिति के साथ बैठक और विभिन्न बचाव कार्यो, राहत शिविरों, शव-परीक्षण, मृतकों के रिश्तेदारों को शव सौंपने, अंतिम संस्कार, डीएनए नमूनों के संग्रह और लापता लोगों के विवरण पर चर्चा की। वहीं राज्य सरकार ने एक बयान जारी कर कहा कि उसने केंद्रीय टीम को सूचित किया है कि वायनाड के चूरलमाला, मुंडक्कई और पुंचिरी मट्टम क्षेत्रों में आवासीय क्षेत्रों और कृषि क्षेत्र दोनों में बड़ा नुकसान हुआ है। बयान में कहा गया है कि केवल पुनर्वास उद्देश्यों के लिए ही 2,000 करोड़ रुपये की आवश्यकता है।
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उम्मीद जताई है कि पीएम मोदी वायनाड लैंडस्लाइड की तबाही को देखने के बाद इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करेंगे। वहीं राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया कि ‘व्यक्तिगत रूप से भयानक त्रासदी का जायजा लेने के वास्ते वायनाड जाने के लिए धन्यवाद, मोदी जी। ये एक अच्छा फैसला है’। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि एक बार जब प्रधानमंत्री प्रत्यक्ष रूप से तबाही के स्तर को देख लेंगे, तो वह इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित कर देंगे। केरल के वायनाड में 30 जुलाई को हुए भूस्खलन में कम से कम 226 लोगों की मौत हो गई थी। 100 से ज्यादा लोग अब भी लापता हैं।
Read Also-Varanasi Ganga Flood : यूपी में गंगा नदी उफान पर, वाराणसी में बाढ़ जैसे हालात, कई घाट डूबे

