Home » तीन राज्यों में 12 घंटों के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में 18 की मौत, कई घायल

तीन राज्यों में 12 घंटों के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में 18 की मौत, कई घायल

by Rakesh Pandey
Road Accident in Garhwa
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: तेज रफ्तार, सड़कों के गड्डे व बढ़ते अतिक्रमण के कारण सड़क दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि होती जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार तीन राज्यों में बीते 12 घंटों के दौरान अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 18 लोगों की मौत हो गयी, जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहली घटना यूपी के अलीगढ़ में यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुई। वहीं, दूसरी घटना झारखंड के हजारीबाग जिला के बरकट्ठा स्थित गोरहर थाना क्षेत्र में हुई। इसके अलावा तीसरी घटना उत्तर प्रदेश के बिजनौर में घटी, जहां खड़ी ट्रैक्टर में बाइक ने टक्कर मार दी। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गयी।

कैसे व कहां हुई दुर्घटना:

झारखंड के हजारीबाग जिले के बरकट्ठा के गोरहर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक बस हादसा हुआ। कोलकाता से पटना जा रही विशाल बस (WB 76 A 1548) अनियंत्रित होकर सड़क पर बने गड्ढे में पलट गई। इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं।

यमुना एक्सप्रेस-वे पर हादसा

यूपी के अलीगढ़ में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात एक निजी बस और ट्रक के बीच हुए जोरदार टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में कई लोग घायल भी हुए, जिन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया। पुलिस और राहत कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर मृतकों और घायलों को अस्पताल भेजने और मदद प्रदान करने का काम किया।

हादसा अलीगढ़ के टप्पल इलाके में

अलीगढ़ पुलिस के मुताबिक यह हादसा यमुना एक्सप्रेस-वे के टप्पल क्षेत्र में हुआ। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच गईं और राहत कार्य शुरू कर दिया। हादसे में मारे गए पांच लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जबकि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी इस हादसे की जानकारी दी और कहा कि मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

दिल्ली से आजमगढ़ जा रही थी बस

हादसे में शामिल निजी बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से पूर्वी उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जा रही थी। एक घायल यात्री ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि बस के सामने अचानक ट्रक आ गया, जिसमें कांच का सामान भरा हुआ था। ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मारी, जिससे बस के यात्रियों को भारी चोटें आईं।

अलीगढ़ में दूसरा हादसा : बाइक सवार को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर

अलीगढ़ में एक और दर्दनाक हादसा हुआ, जब एक ट्रैक्टर ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। गाजियाबाद के विनोद कुमार अपनी पत्नी पूजा और बेटे बिल्लू के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अलीगढ़ में अपनी ससुराल जा रहे थे। तभी कोट पुलिस क्षेत्र के पास एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान पूजा की मौत हो गई, जबकि विनोद और बिल्लू का इलाज जारी है। पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है और दोषी को पकड़ने के प्रयास कर रही है।

ओडिशा में भी हुआ सड़क हादसा

यहीं नहीं, बुधवार को ओडिशा के बालासोर जिले में भी एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार ये चार युवक 20 से 25 वर्ष के बीच के थे। मोटरसाइकिल चालक ने एक संकरे पुल को पार करने के दौरान वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके परिणामस्वरूप यह हादसा हुआ। घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।

बिजनौर में हुई सड़क दुर्घटना

20 नवंबर की रात करीब साढ़े 8 बजे बिजनौर में ट्रैक्टर और बाइक की भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसा उस समय हुआ जब बाइक सवार गन्ने से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गए, जिसके बाद बाइक सवारों ने दम तोड़ दिया।

Read Also- Jharkhand Breaking : बरकट्ठा के गोरहर में बस पलटी, 7 की मौत, 25 से अधिक घायल

Related Articles