सेंट्रल डेस्क। कैसा हो अगर आप किसी पब्लिक ट्रांसपोर्ट से यात्रा कर रहे हो और वही रास्ता भूल जाए। बीते दिनों भारत की सबसे तेज रफ्तार से चलने वाली वंदे भारत जैसी ट्रेन के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से गोवा के मडगांव तक जाने वाली ट्रेन बीच में ही रास्ता भटक गई।
ट्रेन को गलती से पनवेल रूट से जाने के बजाय कल्याण की ओर मोड़ दिया गया। जब इसकी जानकारी अधिकारियों को मिली, तब ट्रेन को वापस लाया गया और फिर सही रूट की ओर रवाना किया गया। इस वजह से ट्रेन 90 मिनट की देरी से गंतव्य तक पहुंची। वाकया सोमवार, 23 दिसंबर को सामने आया। वंदे भारत एक्सप्रेस नंबर 22229 ट्रेन को CSMT से गोवा तक जाना था।
लोकल ट्रेनें भी हुई प्रभावित
सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल लीला ने बताया कि यह गड़बड़ी सिग्नल की वजह से हुई। दीवा जंक्शन पर डाउन फास्ट लाइनर पर पांचवीं डाइन के बीच प्वाइंट नंबर 103 पर सिग्नल औऱ टेली कम्युनिकेशन में गड़बड़ी थी, इसके कारण ट्रेन गलत दिशा में मुड़ गई। ट्रेन को वापस दीवा स्टेशन पर लाकर 35 मिनट तक रोका गया, जिससे मुंबई की लोकल ट्रेनें भी प्रभावित हुई।
ट्रेन 90 मिनट की देरी से गंतव्य तक पहुंची
मुंबई से गोवा के मडगांव तक जाने वाली वंदे भारत ट्रेन को सुबह 5.25 बजे चलकर दोपहर 1.10 बजे पहुंचना था, लेकिन ट्रेन डेढ़ घंटे देर से पहुंची। इस घटना ने वंदे भारत जैसी हाइटेक ट्रेनों पर भी सवाल खड़े कर दिए है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि दोबारा ऐसी घटना न हो, इसका ख्याल रखा जाएगा।

