Home » Milkipur By Election : सपा का प्रशासन पर फर्जी मतदान कराने का आरोप, 1 बजे तक 44.4 फीसदी मतदान

Milkipur By Election : सपा का प्रशासन पर फर्जी मतदान कराने का आरोप, 1 बजे तक 44.4 फीसदी मतदान

by Anurag Ranjan
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

सेंट्रल डेस्क: उत्तर प्रदेश के अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा पर उपचुनाव का मतदान जारी है। इस बीच समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा है कि मिल्कीपुर विधानसभा में बूथ संख्या 4, 5, 69, 93, 100, 139, एवं 176 पर प्रशासन और भाजपा नेताओं की ओर से फर्जी मतदान कराया जा रहा है। सपा ने चुनाव आयोग से इसका संज्ञान लेने की अपील की है। साथ ही निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने की मांग भी की है। चुनाव आयोग की ओर से जारी डाटा के अनुसार उपचुनाव में 1:00 बजे तक 44.4 फीसदी मतदान हुआ है। ऐसे में मिल्कीपुर रिकॉर्ड मतदान की ओर है।

प्रशासन मुस्लिम महिलाओं का बुर्का उतारकर पहचान पत्र से कर रहा पहचान:माता प्रसाद

मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और समाजवादी पार्टी के नेता माता प्रसाद पांडेय का कहना है कि “भाजपा सरकार जानती है कि वह चुनाव हार चुकी है। चुनाव को अपने पक्ष में करने के लिए वह लोगों को वोट नहीं डालने दे रही है, उन्हें धमका रही है और कुछ पोलिंग बूथों से हमारे पोलिंग एजेंटों को भगा रही है, यह सब लोकतंत्र के खिलाफ है। बूथ नंबर दो पर पोलिंग स्टाफ मुस्लिम महिलाओं का बुर्का उतारकर उनके पहचान पत्र से उनकी पहचान कर रहा है। इसके जरिए वह दबाव बना रहे हैं… पुलिस प्रशासन भाजपा कार्यकर्ताओं के रूप में काम कर रहा है और डीएम, एसडीएम, एसपी सभी सरकार की तरफ से किसी भी तरह से उस सीट को जीतने की कोशिश कर रहे हैं…”

अखिलेश ने तस्वीर पोस्ट कर लगाया आरोप

मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। इस बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक तस्वीर पोस्ट कर आरोप लगाया है कि मिल्कीपुर के उपचुनाव में पुलिस अधिकारी मतदाताओं का आईकार्ड चेक कर उन्हें डराने की कोशिश कर रहे हैं। एक्स पर तस्वीर पोस्ट कर उन्होंने लिखा कि चुनाव आयोग तुरंत इस समाचार से जुड़ी तस्वीरों का संज्ञान ले कि अयोध्या की पुलिस मिल्कीपुर में मतदाताओं के आईडी कार्ड चेक कर रही है, जिसमें पुलिस के बड़े अधिकारी भी शामिल हैं। ये अप्रत्यक्ष रूप से मतदाताओं में भय उत्पन्न करके मतदान को प्रभावित करने का लोकतांत्रिक अपराध है। ऐसे लोगों को तुंरत हटाया जाए और दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

पुलिस अधीक्षक ने दिया जवाब

सपा के आरोप पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों की ओर से आरोप लगाया जा रहा है कि अयोध्या की पुलिस मिल्कीपुर में मतदाताओं के आईडी कार्ड चेक कर रही है। यह पूरी तरह गलत है। अफसरों ने राजनीतिक दलों के एजेंटों से बात की और उनकी समस्याओं का समाधान दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर भ्रामक है।

ये हैं मैदान में

प्रत्याशी, पार्टी, चुनाव निशान
अजीत प्रसाद समाजवादी पार्टी साइकिल
चंद्रभानु पासवान भारतीय जनता पार्टी कमल
राम नरेश चौधरी मौलिक अधिकार पार्टी ऑटो रिक्शा
सुनीता राष्ट्रीय जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) आरी
संतोष कुमार आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) केतली
अरविंद कुमार निर्दलीय हाथ गाड़ी
कंचनलता निर्दलीय द्वार घंटी
भोलानाथ निर्दलीय अंगूठी
वेद प्रकाश निर्दलीय फुटबाल खिलाड़ी
संजय पासी निर्दलीय कैमरा

उपचुनाव से जुड़े आंकड़ों पर एक नजर

कुल मतदाता- 3,70,829
पुरुष- 1,92,984
महिला- 1,77,838
थर्ड जेंडर- 07
नए युवा मतदाता- 4811
कुल मतदान केंद्र- 225
कुल बूथ- 414
क्रिटीकल बूथ- 35

Read Also- Delhi Election 2025 Voting Live Update : दिल्ली में 1 बजे तक 33% वोटिंग, मुस्तफाबाद में सबसे ज्यादा तो करोलबाग-मॉडल टाउन में सबसे कम वोटर पहुंचे बूथ पर

Related Articles