हरदोई : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला और 2047 तक समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस के प्रत्याशियों की जमानत जब्त कराने का लक्ष्य रखा। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 2017 जैसा परिणाम दोहराना है और 300 से अधिक सीटें लानी हैं। मौर्य ने कहा कि 2047 तक सपा की साइकिल को चलने लायक नहीं छोड़ेंगे और उसे पंचर कर सैफई भेज देंगे।
चक्रवर्ती सम्राट अशोक की जयंती में हुए शामिल
उप मुख्यमंत्री शनिवार को गोपामऊ विधानसभा क्षेत्र के मुरादपुर गांव में आयोजित चक्रवर्ती सम्राट अशोक की जयंती कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सपा पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव 2027 के चुनावों की होर्डिंग्स लगाने लगे हैं, लेकिन वह फर्जी पीडीए (परिवार डेवलपमेंट एजेंसी) की बात करते हैं। मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव गुंडा-माफिया और दंगाइयों का भला कर सकते हैं, लेकिन उन्होंने उत्तर प्रदेश को बर्बाद किया है।
सम्राट अशोक की सुरक्षा और शासन की व्यवस्थाओं का हवाला देते हुए मौर्य ने कहा कि जैसे सम्राट अशोक ने बुद्धम शरणम गच्छामि के बाद साम्राज्य की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे, ठीक वैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की सुरक्षा के लिए कदम उठाए हैं। मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत नंबर एक बनेगा और तब उत्तर प्रदेश भी नंबर एक बन जाएगा। उन्होंने भाजपा सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बिना भेदभाव के सभी वर्गों को योजनाओं का लाभ दे रही है, और विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश बनाने की दिशा में काम कर रही है।
डबल इंजन की सरकार ने सुरक्षा और सुशासन की दिशा में उठाए हैं कई महत्वपूर्ण कदम
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने सुरक्षा और सुशासन की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जबकि विपक्षी दल केवल दुष्प्रचार करते हैं। उन्होंने सपा के गुंडागर्दी और दंगों को समाप्त करने का श्रेय भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया और कहा कि कमल की बटन दबाकर लोगों ने सपा को सत्ता से बाहर किया। मौर्य ने कहा, “आप मेरा सिर झुकने मत देना, और आपका सिर हम नहीं झुकने देंगे।” साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव के संस्कार ऐसे हैं कि वह उन्हें गाली और अपशब्द ही बोलते हैं, जबकि वे कभी भी गाली नहीं देंगे।
सभा में सांसद जय प्रकाश, विधायक श्याम प्रकाश, एमएलसी अशोक अग्रवाल, भाजपा जिला प्रभारी शंकर लाल लोधी, और जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में आयोजक चुन्नीलाल मौर्य, पुनीत मौर्य, सूरज कुशवाहा, राजकिशोर मौर्य और अन्य मौर्य समाज के लोगों ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन भा.ज.पा. महामंत्री सतेंद्र राजपूत ने किया।

