गोरखपुर : शाहपुर स्थित पादरी बाजार बैंक कॉलोनी में एक घर के कमरे में पिता-पुत्र के शव मिले हैं। मृतकों की पहचान 85 वर्षीय अवधेश शर्मा और उनके 45 वर्षीय बेटे अश्विनी शर्मा के रूप में हुई है। यह घटना शुक्रवार सुबह सामने आई, जब घर के अन्य सदस्य नीचे पहुंचे और पिता-पुत्र के शव देखकर चौंक गए।
पिता की देखभाल के लिए सूरत से घर आया था अश्विनी
अश्विनी शर्मा अपनी पत्नी और बच्चों के साथ सूरत में रहते थे, लेकिन वह पिछले कुछ समय से अपने पिता अवधेश की देखभाल के लिए उनके साथ रह रहे थे। अवधेश शर्मा कैंसर से पीड़ित थे, और अश्विनी उनकी देखभाल कर रहा था। घर के अन्य सदस्य ऊपरी मंजिल पर रहते थे, जहां बड़े बेटे अरविंद कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज की जांच कर रही है ताकि घटना की गुत्थी सुलझाई जा सके। फिलहाल पुलिस आत्महत्या, हादसा या किसी अन्य साजिश से जुड़ी संभावनाओं पर काम कर रही है।

