सेंट्रल डेस्क : JSW Steel ने टाटा स्टील, आर्सेलर मित्तल और नुकोर कॉर्प जैसी दिग्गज कंपनियों को पछाड़ते हुए दुनिया की सबसे वैल्यूएबल स्टील कंपनी बनने का खिताब हासिल किया है। साल 2025 में कंपनी के शेयर में 18 प्रतिशत तक का उछाल आया है, जिससे इसके बाजार पूंजीकरण में महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है। वर्तमान में JSW Steel का मार्केट कैपिटल 30.31 बिलियन डॉलर है, जो इसके निकटतम प्रतिस्पर्धियों से 91 मिलियन डॉलर से लेकर 3 बिलियन डॉलर अधिक है।
आने वाले सालों के लिए कंपनी का लक्ष्य
JSW Steel के प्लांट विजयनगर, डोलवी और सलेम में स्थित हैं, और कंपनी का व्यापार अमेरिका से लेकर इटली तक फैला हुआ है। वर्तमान में, कंपनी की स्टील बनाने की क्षमता 35.7 मिलियन टन (MT) है, जिसे कंपनी 2028 तक 43.5 मिलियन टन और 2031 तक 51.5 मिलियन टन तक बढ़ाना चाहती है। मोतीलाल ओसवाल के एनालिस्ट्स का मानना है कि इस वृद्धि से JSW Steel को लॉन्ग टर्म ग्रोथ का फायदा मिलेगा, जिससे प्रोडक्शन में भी वृद्धि होगी।
पार्थ जिंदल का आभार
JSW Steel के मालिक पार्थ जिंदल ने इस सफलता पर आभार व्यक्त करते हुए अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, “यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि JSW Steel अब बाजार पूंजीकरण के मामले में दुनिया की सबसे बड़ी स्टील कंपनी बन गई है।” उन्होंने इस सफलता के लिए अपने पिता साजन जिंदल, मां संगीता जिंदल और पूरे JSW ग्रुप की टीम की कड़ी मेहनत को सराहा और कहा, “हम बहुत आभारी हैं और यहीं नहीं रुकेंगे।”
JSW Steel के मालिक और कंपनी की जानकारी
JSW Steel की स्थापना 1982 में हुई थी और यह एक मल्टीनेशनल कंपनी है, जो उच्च गुणवत्ता वाली स्टील का उत्पादन करती है। इसका मुख्यालय मुंबई में स्थित है, और कर्नाटक के तोरणगल्लू में इसका एक इंटिग्रेटेड स्टील प्लांट भी है। JSW Steel के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर साजन जिंदल हैं, जबकि उनकी मां सावित्री एस जिंदल कंपनी की चेयरपर्सन हैं। इसके सीईओ जयंत आचार्य हैं। कंपनी का प्रोडक्ट पोर्टफोलियो फ्लैट और लॉन्ग स्टील का है, जो ऑटोमेटिव, कंस्ट्रक्शन जैसे कई क्षेत्रों में उपयोग होता है।
शेयर मार्केट पर असर
JSW Steel को दुनिया की नंबर 1 स्टील कंपनी का खिताब मिलने का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला। इसके शेयर में 18 प्रतिशत तक का उछाल आया और यह निफ्टी पर टॉप परफॉर्मर के रूप में उभरा। ब्रोकरेज फर्म इन्वेस्टेक ने कंपनी के शेयर को “खरीदें” रेटिंग दी है और इसका टारगेट प्राइस 1,100 रुपये रखा है।

