Jamshedpur : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित कैलाश नगर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां आईआरबी जवान नितेश कुमार झा के घर को निशाना बनाकर चोरों ने करीब 50 लाख रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
गौरतलब है कि नितेश कुमार झा का पूरा परिवार किसी जरूरी काम से बाहर गया हुआ था। घर की देखरेख के लिए पड़ोसी को चाबी सौंपी गई थी। रविवार की सुबह जब पड़ोसी घर की हालत देखने पहुंचे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। यह देखकर उन्होंने तुरंत नितेश झा के ससुर को इसकी सूचना दी।
परिजन मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। कमरे अस्त-व्यस्त थे और अलमारी समेत कई जगहों पर सामान बिखरा पड़ा था। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक चोर करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और चोरी की इस बड़ी वारदात के खुलासे के लिए पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक थाने में औपचारिक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पाई थी।

