धनबाद : झारखंड की कोयला नगरी धनबाद में सड़कों पर चलना सुरक्षित नहीं है। आवारा कुत्ते हर दिन काफी संख्या में लोगों को जख्मी कर रहे हैं। शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के एंटी रेबीज वैक्सीन केंद्र की रिपोर्ट की मानें तो हर दिन औसतन 40 लोगों को कुत्ते काट रहे हैं। स्थिति यह है कि पिछले 5 दिनों में 231 लोग डॉग बाइट के शिकार हो गए हैं। हर दिन काफी संख्या में एंटी रेबीज वैक्सीन के लिए लोग मेडिकल कॉलेज पहुंच रहे हैं। वहीं, जिले के कई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं है। इस वजह से मरीजों को मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है।

हर गली-चौराहे पर घूम रहा कुत्तों का झुंड
शहर के हर गली और चौक-चौराहे पर कुत्तों का झुंड घूम रहा है। स्टील गेट, हीरापुर, सिटी सेंटर, बैंक मोड़, पुराना बाजार का इलाका इन दिनों सबसे ज्यादा कुत्तों के आतंक से परेशान है। इन्हीं जगहों से सबसे ज्यादा डॉग बाइट के मामले अस्पताल पहुंच रहे हैं। जबकि, ग्रामीण इलाकों से सियार के काटने के मामले ज्यादा आ रहे हैं।
4 वर्षीय नैना को कुत्तों ने नोचा
गिरिडीह के राजधनवार की रहने वाली 4 वर्षीय नैना कुमारी शादी समारोह में अपने अभिभावकों के साथ आई थी। यहां पर कुत्तों के झुंड ने मासूम बच्ची पर हमला कर दिया। कुत्ते के झुंड ने उसके गाल को नोच लिया। इससे वह लहूलुहान हो गई। इलाज के लिए उसे मेडिकल कॉलेज में लाया गया है। डॉक्टर ने बताया कि जख्म गहरा है। फिलहाल नैना का इलाज हो रहा है।
5 दिनों का हाल
तारीख : जख्मी की संख्या
11 अप्रैल : 43
13 अप्रैल : 55
14 अप्रैल : 63
15 अप्रैल : 44
16 अप्रैल : 26

