Home » RANCHI HEALTH NEWS: राजधानी के इन सेंटरों पर लगाई जा रही हफ्ते में एक दिन वैक्सीन, 10 तरह की जांच भी फ्री में

RANCHI HEALTH NEWS: राजधानी के इन सेंटरों पर लगाई जा रही हफ्ते में एक दिन वैक्सीन, 10 तरह की जांच भी फ्री में

by Vivek Sharma
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग मिलकर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। वहीं लोगों को इलाज के साथ वैक्सीनेशन की भी सुविधा अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर में दी जा रही है। जिसके तहत हफ्ते में एक दिन वैक्सीनेशन के लिए निर्धारित किया गया है। जिससे कि अब शहरी क्षेत्रों में लोगों को वैक्सीनेशन के लिए अलग-अलग अस्पतालों और केंद्रों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। रांची नगर निगम द्वारा संचालित अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर में अब हर मंगलवार को वैक्सीनेशन की जा रही है।

25 सेंटर चल रहे है रांची में

नगर निगम द्वारा संचालित इन केंद्रों की संख्या वर्तमान में 25 है, जो शहर के अलग-अलग इलाकों में कार्यरत हैं। इन केंद्रों का मुख्य उद्देश्य शहरी लोगों को उनके घर के पास ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराना है। वैक्सीनेशन के साथ-साथ इन केंद्रों पर बीपी, शुगर, मलेरिया, हीमोग्लोबिन समेत करीब 10 तरह की स्वास्थ्य जांच की सुविधा निःशुल्क दी जा रही है। इसका लाभ खास तौर पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को मिल रहा है।

मंगलवार को बच्चों के लिए टीकाकरण

नवजात से लेकर पांच वर्ष तक के बच्चों के लिए मंगलवार को टीकाकरण दिवस तय किया गया है। इसमें बीसीजी, पेंटा, ओपीवी, मिजल्स जैसे आवश्यक टीकों को शामिल किया गया है। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं के लिए भी आवश्यक टीके दिए जा रहे हैं। इस व्यवस्था से न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि टीकाकरण लक्ष्य को पूरा करने में मदद मिलेगी।

मल्टी पर्पस वर्कर का अहम रोल

रांची नगर निगम ने इन सेंटरों पर मल्टी पर्पस वर्करों को तैनात किया है। ये सेंटर पर आने वाले मरीजों के इलाज में सहयोग के अलावा आसपास क्षेत्र में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं, बल्कि जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। ये वर्कर विभिन्न बस्तियों और मोहल्लों में छोटे-छोटे हेल्थ कैंप लगाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच कर रहे हैं और उन्हें उचित सलाह भी दे रहे हैं। इससे लोगों को गंभीर बीमारियों का समय से पता चल रहा है। ऐसे में लोग तत्काल अपना इलाज शुरू करा रहे है।

सुविधाएं एक छत के नीचे

अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों को ‘आरोग्य मंदिर’ के रूप में विकसित किया गया है, जहां एक ही छत के नीचे स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं सुलभ हैं। इनमें डॉक्टर की सलाह, फ्री जांच, दवा वितरण, पोषण सलाह, परिवार नियोजन, वैक्सीनेशन और स्क्रीनिंग जैसी सेवाएं मिल रही हैं। महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष रूप से इंतजाम किए गए है।

सेंटर पर और बढ़ेगी सुविधाएं

रांची नगर निगम के पदाधिकारियों के अनुसार आने वाले महीनों में इन सेवाओं को और भी प्रभावी और डिजिटल करने की योजना है। इससे न केवल इलाज और टेस्ट की गति बढ़ेगी, बल्कि मरीजों का रिकॉर्ड भी सुव्यवस्थित रूप से डिजिटल रूप में रखा जा सकेगा।

Related Articles