रांची: ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर रांची के डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने पिठोरिया थाना के चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई 30 अप्रैल की रात हेडक्वार्टर डीएसपी वन अमर कुमार पांडे द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के बाद की गई, जिसमें पुलिसकर्मी गश्ती और ओडी ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित या थाने में आराम फरमाते पाए गए। सस्पेंड किए गए पुलिसकर्मियों में अजय पासवान, श्यामानंद पासवान, अमृत प्रसाद मेहता और नीरज कुजूर शामिल हैं। निरीक्षण में अमृत प्रसाद गश्त पर होने के बजाय थाने में आराम करते पाए गए, वहीं श्यामानंद और अजय पासवान ड्यूटी से नदारद थे। नीरज कुजूर भी पीसीआर ड्यूटी से गायब थे।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब पिठोरिया थाना में लापरवाही को लेकर कार्रवाई हुई हो। 22 फरवरी को भी तत्कालीन थाना प्रभारी गौतम राय को निलंबित किया गया था। एसएसपी ने साफ कहा कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

