Jamshedpur : झारखंड का सबसे बड़ा इकोलॉजिकल पार्क अब पर्यटकों का नया आकर्षण बनने जा रहा है। चाकुलिया प्रखंड के अमलागोड़ा रोड स्थित करीब 195 एकड़ (78 हेक्टेयर) में फैला विशाल इकोलॉजिकल पार्क बनकर तैयार हो गया है। इसका उद्घाटन अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे।
यह पार्क न केवल झारखंड बल्कि ओडिशा, बंगाल और बिहार जैसे पड़ोसी राज्यों के लोगों के लिए भी घूमने का बड़ा केंद्र साबित होगा। पूरे पूर्वी भारत में इतने बड़े क्षेत्रफल और आधुनिक सुविधाओं वाला कोई दूसरा पार्क नहीं है। इस परियोजना को चाकुलिया के रेंजर दिग्विजय सिंह की देखरेख में बेहद कम समय में पूरा किया गया है और इसकी लागत लगभग 23 करोड़ रुपये आई है।
पार्क में पर्यटकों के मनोरंजन और सुकून के लिए कई आकर्षण जोड़े गए हैं। यहां चार प्रकार के म्यूजिकल फव्वारे, बोटिंग क्लब, स्विमिंग सुविधा, नवग्रह पार्क, विशाल कैंटीन, कम्युनिटी हॉल, कैक्टस गार्डन, रोज गार्डन, औषधीय पौधों का उद्यान, सफेद और लाल चंदन का वन, शिव कुंड, प्राचीन मूर्तियां, चिल्ड्रन पार्क और सीनियर सिटीजन जोन बनाए गए हैं। पर्यटकों की रुकने और आराम की सुविधा के लिए रेस्ट हाउस भी उपलब्ध है।
वन विभाग के सचिव, पीसीसीएफ और अन्य वरिष्ठ अधिकारी पार्क का निरीक्षण कर इसे सराह चुके हैं। रेंजर दिग्विजय सिंह का कहना है कि यह पार्क सिर्फ मनोरंजन ही नहीं बल्कि पर्यावरण शिक्षा और धार्मिक महत्व का केंद्र भी बनेगा। उनका मानना है कि जो भी लोग यहां आएंगे, वे हरियाली और आधुनिक सुविधाओं से घिरे इस पार्क में प्रकृति के बेहद करीब महसूस करेंगे।
चाकुलिया की भौगोलिक स्थिति भी इस पार्क को खास बनाती है, क्योंकि यह क्षेत्र बंगाल और ओडिशा की सीमा से सटा हुआ है। ऐसे में हर मौसम में यहां तीनों राज्यों से पर्यटकों के आने की संभावना है। भविष्य में यह पार्क पर्यटन के साथ-साथ रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगा।

